9 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे योगी, 2027 में तीसरी बार सत्ता में आने का किया दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के नौ वर्षों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए विकास, कानून-व्यवस्था और निवेश को बड़ी उपलब्धि बताया. साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दावा भी किया.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए विकास, निवेश, रोजगार और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश ने पिछड़ेपन की छवि से बाहर निकलकर नई पहचान बनाई है. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा और दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व में एनडीए वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर नया राजनीतिक अध्याय लिखेगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं. उनके अनुसार प्रदेश अब पहचान के संकट, दंगों और माफिया संस्कृति से बाहर निकल चुका है. उन्होंने दावा किया कि बेहतर प्रशासन और नीतियों की वजह से राज्य आज देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहा है.
विकास और निवेश पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि राज्य में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं, जिनसे करोड़ों लोगों को रोजगार मिला है. सरकार को बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और कई परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है.
Also Read
कानून-व्यवस्था को बताया सबसे बड़ी उपलब्धि
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून का राज स्थापित होने से निवेश और विकास दोनों को गति मिली है. उनके अनुसार पहले व्यापारी, उद्योगपति और आम नागरिक असुरक्षा महसूस करते थे, जबकि अब उत्तर प्रदेश निवेश और सुरक्षा के मामले में दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण बन रहा है.
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर पूर्व सरकारों के दौरान भ्रष्टाचार और अधूरी परियोजनाओं का आरोप लगाया. उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट, जेपीएनआईसी और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने कम लागत और बेहतर गुणवत्ता के साथ विकास कार्य पूरे किए हैं.
2027 चुनाव और राम मंदिर पर बयान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत का भरोसा जताया. अयोध्या के राम मंदिर और हालिया चढ़ावा चोरी मामले पर उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले राम मंदिर निर्माण का विरोध करते थे, वही अब आस्था की राजनीति कर रहे हैं.