योगी आदित्यनाथ बोले: 'पीएम मोदी के नेतृत्व में योग और कुंभ को मिला वैश्विक सम्मान'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी-वडनगर बाइक रैली को रवाना करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में योग और कुंभ मेले को वैश्विक मंच पर ऐतिहासिक पहचान मिली है.

@myogiadityanath
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'काशी-वडनगर' 20 दिवसीय युवा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान मिली है. योग को मिली अंतर्राष्ट्रीय मान्यता और कुंभ मेले को यूनेस्को (UNESCO) की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत का दर्जा मिलना नए भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है.

'विरासत और विकास' का अनूठा संगम

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम और महाकाल लोक गलियारे का विकास हमारी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति सम्मान को दर्शाता है. पीएम मोदी के जन्मस्थान वडनगर को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी से जोड़ने वाली यह यात्रा 'विरासत और विकास' के मंत्र तथा 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को जमीन पर उतारने का काम करेगी. युवा प्रतिभागी इस रैली के दौरान प्रतिदिन 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और सामाजिक सेवा कार्यक्रमों में भाग लेंगे.

एकता और सम्मान का संदेश

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यह यात्रा गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगी. इस यात्रा के तहत गुजरात की दस पवित्र नदियों का जल काशी विश्वनाथ और काशी की नदियों का जल वडनगर के हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि वडनगर से शुरू हुआ पीएम मोदी का जीवन सफर आज भारत को विश्व पटल पर एक सुरक्षित, गौरवशाली और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित कर चुका है.