देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने मोदी, योगी और केशव ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें बधाई दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है. इसी क्रम में योगी आदित्यनाथ ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक क्षण बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं बल्कि देश की जनता के विश्वास, समर्थन और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूत अभिव्यक्ति है. उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व को एक युग की चेतना का प्रतीक बताया.
योगी आदित्यनाथ ने कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि 145 करोड़ भारतीयों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए निरंतर समर्पित नेतृत्व को यह सम्मान मिला है. उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं जब कोई नेता केवल सरकार का संचालन नहीं करता बल्कि पूरे युग की सोच और दिशा का प्रतिनिधित्व करता है. मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व करोड़ों लोगों को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने में सफल रहा है.
Also Read
योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्र के प्रति समर्पण का परिणाम है. मुख्यमंत्री ने कामना की कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व आगे भी देश की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखता रहे और भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए.
केशव प्रसाद मौर्य ने भी दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके राजनीतिक सफर को प्रेरणादायक बताया. उन्होंने कहा कि लगातार 4399 दिनों तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करना लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है. यह साबित करता है कि साधारण परिवार से आने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत, संकल्प और जनसेवा के बल पर देश का सर्वोच्च जनादेश प्राप्त कर सकता है.
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक विरासत या वंशवादी पृष्ठभूमि के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने की प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा करोड़ों युवाओं, गरीबों, पिछड़ों और श्रमिक परिवारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उनके अनुसार प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने भारतीय राजनीति में वंशवाद की सोच को चुनौती दी और लोकतंत्र को नई ऊर्जा प्रदान की है. उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सरकार ने विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है.