कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर यमुना पुल 26 से 28 जून तक रात में रहेगा बंद, जानें किस वजह से लिया गया फैसला
प्रशासन ने आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक रास्ते तय कर दिए हैं. कानपुर और घाटमपुर से सुमेरपुर, कुरारा और महोबा की ओर जाने वाले वाहन चौडगरा-बांदा मार्ग या उरई-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकते हैं. महोबा और राठ क्षेत्र से कानपुर की ओर आने वाले वाहनों को भी इन ही डायवर्जन मार्गों से भेजा जाएगा.
हमीरपुर: यमुना नदी पर बने कानपुर-हमीरपुर हाईवे के महत्वपूर्ण पुल पर मरम्मत कार्य के कारण तीन दिन तक रात का यातायात बंद रहेगा. 26, 27 और 28 जून को रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी.
यमुना पुल 26 से 28 जून तक रात में रहेगा बंद
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इस पुल पर बिटुमिनस ओवरले (सड़क की ऊपरी परत) का काम करा रहा है. पुल पर भारी यातायात और सीमित चौड़ाई के कारण दिन में काम करना मुश्किल है. इसलिए रात के समय यातायात बंद करके गुणवत्तापूर्ण मरम्मत का फैसला लिया गया है.
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि जनसुरक्षा और काम की बेहतर गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत समय पर पूरी करने के लिए यह जरूरी कदम उठाया जा रहा है.
Also Read
वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें
प्रशासन ने आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक रास्ते तय कर दिए हैं. कानपुर और घाटमपुर से सुमेरपुर, कुरारा और महोबा की ओर जाने वाले वाहन चौडगरा-बांदा मार्ग या उरई-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकते हैं. महोबा और राठ क्षेत्र से कानपुर की ओर आने वाले वाहनों को भी इन ही डायवर्जन मार्गों से भेजा जाएगा.
पुलिस प्रशासन ने यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रमुख चौराहों और तिराहों पर पर्याप्त बल तैनात किया है. यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस मिलकर डायवर्जन व्यवस्था संभालेंगी.
हेल्पलाइन नंबर जारी
कोई भी यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए निम्न नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: 9410499333, 9473987561, 9454401359, 9454401360, 9454403539 आपात स्थिति में यूपी-112 सेवा भी 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडलों और आम जनता से अपील की है कि इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें.