पैटीज के अंदर रेंगते मिले कीड़े, मशहूर फूड आउटलेट पर ग्राहक की शिकायत से मचा हड़कंप; देखें वीडियो

अलीगढ़ में एक ग्राहक ने मशहूर फूड आउटलेट से खरीदी गई वेजिटेबल पैटीज में कीड़े मिलने का आरोप लगाया है. शिकायत के बाद FSDA ने जांच शुरू कर दी है और नमूनों को आगरा की सरकारी लैब भेजा है.

@madanmohansoni X Account
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक मशहूर लोकल फूड चेन के आउटलेट से खरीदी गई वेजिटेबल पैटीज में कीड़े मिलने के आरोप ने हड़कंप मचा दिया है. ग्राहक की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन यानी FSDA ने मामले की जांच शुरू कर दी है. विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं और उन्हें जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार एक ग्राहक ने बन्नादेवी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसने ग्रांड ट्रंक रोड स्थित एक प्रसिद्ध स्कूल के पास मौजूद फूड आउटलेट से चार वेजिटेबल पैटीज खरीदी थीं. पैटीज खाते समय उसे उनमें संदिग्ध पदार्थ और रेंगते हुए कीड़े दिखाई दिए. इसके बाद उसने तुरंत संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी.

जांच के दौरान क्या आया सामने?

शिकायत मिलने के बाद FSDA की टीम ने आउटलेट का निरीक्षण किया. जांच के दौरान अधिकारियों ने पैटीज और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए. इन नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए आगरा स्थित सरकारी लैब भेजा गया है. अब सभी की नजरें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि खाद्य पदार्थ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप थे या नहीं.

FSDA अधिकारियों ने क्या कहा?

FSDA अधिकारियों ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है. विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. यदि लैब रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

खाद्य सुरक्षा विभाग ने क्या बताया?

खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना हर खाद्य कारोबारी की जिम्मेदारी है. किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विभाग उपभोक्ताओं की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है.

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है. कई ग्राहकों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सवाल उठाए हैं. हालांकि अभी तक जांच पूरी नहीं हुई है और यह तय नहीं हुआ है कि ग्राहक के आरोप पूरी तरह सही हैं या नहीं. 

फिलहाल FSDA ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ में गड़बड़ी दिखाई दे तो उसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.