Weather Update: यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, IMD ने 20 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट किया जारी

IMD ने यूपी में अगले तीन घंटों के लिए तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना जताई है.

X
Ashutosh Rai

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है. IMD के लखनऊ केंद्र ने कई जिलों के लिए नाउकास्ट अलर्ट जारी किया है. अगले तीन घंटों के दौरान तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार चित्रकूट, बांदा, कानपुर नगर, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, बहराइच और लखीमपुर खीरी में तेज बारिश हो सकती है. इन जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने का भी खतरा है. इसके अलावा गाजीपुर, बलिया, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती और आसपास के इलाकों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की है.

मॉनसून फिर हुआ सक्रिय

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मॉनसून दोबारा सक्रिय होने लगा है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और इसका असर अगले 48 घंटों में उत्तर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई देगा. मॉनसून की ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति से तराई की तरफ बनी हुई है. इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 17 जुलाई के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश देखने को मिलेगी.


लोगों के लिए मौसम विभाग की जरूरी सलाह

भारी बारिश और आंधी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है. तेज हवा के समय कच्चे मकानों और बड़े होर्डिंग्स के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है. सड़क पर निकलने वाले लोगों से वाहन धीमी गति से चलाने और जलभराव वाले रास्तों से बचने को कहा गया है. प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद लेने की अपील की गई है.