UP Weather Today: लू ने किया लोगों को बेहाल, जानें यूपी में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम और तापमान

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है. बांदा का लुकतरा गांव 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के साथ सबसे गर्म रहा. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार जारी है. बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा. तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को दिनभर परेशान किया. हालांकि मौसम विभाग ने 12 से 13 जून के बीच कई इलाकों में आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताते हुए राहत की उम्मीद भी दिखाई है.

बुधवार को बांदा जिला प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा. कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार बांदा में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं बड़ोखर खुर्द ब्लॉक के लुकतरा गांव में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सुबह 10 बजे के बाद कैसा था मौसम?

सुबह 10 बजे के बाद लू का असर तेज हो गया और बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी. दोपहर के समय गर्म हवाएं करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं. रात के समय भी तापमान 30 डिग्री के आसपास बना रहा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी. कई इलाकों में बिजली कटौती ने परेशानी और बढ़ा दी.


मंगलवार देर रात कुछ क्षेत्रों में तेज हवा और हल्की बूंदाबांदी हुई थी, जिससे लोगों को राहत की उम्मीद जगी थी लेकिन बुधवार को तेज धूप निकलने के कारण गर्मी और अधिक महसूस हुई. शाम के समय बादल छाने और हवाएं चलने से तापमान में कुछ कमी आई, लेकिन उमस बनी रही.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

कृषि विज्ञान केंद्र गनीवा के मौसम विभाग ने 12 जून से 13 जून तक मौसम में बदलाव की संभावना जताई है. विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए धूलभरी आंधी, आकाशीय बिजली और हल्की बूंदाबांदी की चेतावनी दी है. मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

विशेषज्ञों का मानना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा. अगले तीन दिनों के दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है.