यूपी में बदलने वाला है मौसम! उमस भरी गर्मी से लोगों को मिलेगी राहत, गाजियाबाद समेत 59 जिलों में अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में तेज धूप और बढ़ी हुई उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग ने 59 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए 7 जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने और अच्छी बारिश की संभावना जताई है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश में मानसून की गति कमजोर पड़ने का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है. पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अपेक्षित बारिश नहीं हो पा रही है. कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और सीमित क्षेत्रों में मध्यम बारिश जरूर हुई, लेकिन इससे गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल सकी. हालांकि अब जल्द ही मौसम बदलने वाला है.

रविवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, इटावा, सुल्तानपुर, बरेली, मेरठ समेत करीब दस जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 7 जुलाई से एक बार फिर मानसून एक्टिव होगा और यूपी के लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिलेगी.

सोमवार को भी व्यापक बारिश के आसार नहीं

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी या व्यापक बारिश की संभावना नहीं है. केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि 7 जुलाई से राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई  गई है. मौसम विभाग के मुताबिक 59 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है. साथ ही बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील भी की गई है.


इन जिलों में बारिश की चेतावनी

विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दोबारा सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आएगी और लगातार बनी हुई उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही कृषि कार्यों को भी गति मिलेगी, क्योंकि किसान लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं. जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, उनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, फतेहपुर, उन्नाव, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, अमेठी, अयोध्या और अंबेडकरनगर सहित कई जिले शामिल हैं. मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार यदि 7 जुलाई से मानसून अपेक्षित रूप से सक्रिय होता है, तो प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.