Akhilesh Yadav Prediction: 'साल 2027 में यूपी की सत्ता से बीजेपी का होगा सफाया, कोई नहीं बचा पाएगा', अखिलेश ने कहां की भविष्यवाणी?

समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को यूपी की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है और जनता का विश्वास खो चुकी है.

X
Garima Singh

Uttar Pradesh Politics: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को यूपी की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है और जनता का विश्वास खो चुकी है. सपा मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय और विकास के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना अनिवार्य है.

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने और संविधान को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार में निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है. संविधान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है और प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है." उनके मुताबिक, भाजपा ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी चौपट कर दिया है, जिससे आम जनता को भारी नुकसान हुआ है.

रोजगार और विकास के वादे खोखले

अखिलेश यादव ने भाजपा के तीसरे कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को इस सरकार से कुछ हासिल नहीं हुआ. "नोटबंदी से क्या हासिल हुआ? प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भी विकास क्यों नहीं हुआ? वाराणसी में आई बाढ़ को सभी ने देखा. भाजपा ने झूठे सपने दिखाकर लोगों को गुमराह किया और उन्हें बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया." उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा सरकार में रोजगार के अवसर पैदा नहीं हुए. "काम में नौकरी या रोज़गार शामिल नहीं है. आउटसोर्सिंग बेरोज़गारी का स्थायी समाधान नहीं हो सकती."

बिजली उत्पादन में कोई प्रगति नहीं

अखिलेश यादव ने भाजपा पर बिजली उत्पादन में कोई वृद्धि न करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछले नौ सालों में बिजली क्षेत्र में कोई प्रगति नहीं हुई. उन्होंने दावा किया कि जनता अब समाजवादी पार्टी के विकासोन्मुखी कार्यक्रमों पर भरोसा करती है. "2027 में भाजपा सरकार को कोई नहीं बचा पाएगा."

सपा का वादा: न्याय और विकास

अखिलेश ने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाज के हर वर्ग के लिए न्याय, सम्मान और विकास सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सपा सरकार किसानों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के हितों को प्राथमिकता देगी. उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय का शासन स्थापित करने के लिए सपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

जनता का भरोसा सपा पर

अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि जनता अब भाजपा के झूठे वादों से तंग आ चुकी है और समाजवादी पार्टी पर भरोसा जता रही है. "भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है. अब कोई उन पर विश्वास नहीं करता. जनता समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों और योजनाओं पर भरोसा करती है." उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया.