T20 World Cup 2026

UP में दो नाबालिग से रेप, एक ने खुद को लगाई आग; पीड़िता के पिता पर रिपोर्ट दर्ज न कराने का था दबाव

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के आगरा और बरेली में एक-एक नाबालिग स्कूली छात्राओं के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया गया. इनमें से एक पीड़िता ने घटना के बाद खुद को आग लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की. कहा जा रहा है कि पीड़िता के पिता पर गांव के कुछ लोगों ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज न कराने को लेकर दबाव बनाया था.

social media
India Daily Live

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में दो नाबालिग स्कूली छात्राओं से रेप का मामला सामने आया है. दोनों पीड़िताओं में से एक ने खुद को आग के हवाले कर दिया. नाबालिग से रेप की घटनाएं आगरा और बरेली जिले की हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, बरेली में रेप पीड़िता के पिता पर गांव वालों ने पुलिस में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज न कराने का दबाव डाला था. 

पुलिस के अनुसार, बरेली की एक गांव की रहने वाली 13 साल की पीड़िता को दो नाबालिग लड़के बहला-फुसलाकर उसके घर के पास गन्ने के खेत में ले गए, जहां उनमें से एक ने लड़की के साथ बलात्कार किया, जबकि दूसरे ने उसका हाथ पकड़ा था. वारदात सोमवार की बताई जा रही है. 

वारदात के एक दिन बाद लगाई आग, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

स्थानीय पंचायत की ओर से पुलिस को वारदात के बारे में न बताने का फरमान जारी करने के बाद, बरेली की 13 साल की लड़की ने अगले दिन खुद को आग लगा ली. पुलिस ने बताया कि 9वीं क्लास में पढ़ने वाली लड़की 60 प्रतिशत जल गई थी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.

पीड़िता ने वारदात के दौरान मचाया था शोर, बड़ी बहन पहुंची

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब आरोपी दोनों नाबालिग छात्र पीड़िता के साथ वारदात को अंजाम दे रहे थे, तब उसने मदद के लिए शोर मचाया था. लड़की की आवाज सुनकर उसकी बड़ी बहन घटनास्थल की ओर गई. पीड़िता की बड़ी बहन को देख दोनों आरोपी घटनास्थल सेभाग निकले. पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से छोटी बहन को घर लाने के बाद बड़ी बहन ने अपने पिता को पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी.

पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन यानी सोमवार शाम को ही गांव में पंचायत हुई, जिसमें ग्रामीणों ने पीड़िता के पिता पर बलात्कार की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज न करने का दबाव बनाया. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अगले दिन पीड़िता घर में अकेली थी और उसने इसी का फायदा उठाते हुए अपने शरीर पर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया और खुद को आग के हवाले कर दिया. 

वारदात के बाद पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर मंगलवार रात एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पिता ने दो नाबालिगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है. जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी पीड़िता के साथ उसी के स्कूल में पढ़ते थे. बरेली के एसपी (नॉर्थ) मुकेश चंद मिश्रा ने कहा कि दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि उसकी मौत जलने के कारण हुई है, लेकिन मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा.

आगरा में 9 साल की मासूम के साथ रेप, 17 साल का आरोपी गिरफ्तार

बलात्कार की दूसरी घटना में, आगरा में एक 19 साल के आरोपी ने मंगलवार को अपनी 9 साल की मासूम को अपने घर की छत पर ले जाकर उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने बच्ची को धमकी दी कि अगर उसने अपने साथ हुए वारदात के बारे में किसी को बताया तो वो उसे और उसकी मां को जान से मार देगा. आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया.

इलाके के पुलिस थाने के प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने वारदात के बाद लड़की को उसके घर ले गया और उसकी मां से कहा कि वो उसके घर की सीढ़ियों से गिर गई है. मां ने उसकी बात पर यकीन किया और बाद में बच्ची को अस्पताल ले गई. मेडिकल जांच के दौरान महिला डॉक्टर को शक हुआ और उसने बच्ची से पूछा कि क्या हुआ है. उसने डॉक्टर को घटना के बारे में बताया और आरोपी का नाम बताया. जानकारी के बाद मासूम की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.