UPSC की तैयारी कर रही युवती से लखनऊ में गैंगरेप, परिचित समेत तीन लड़कों ने तीन दिनों तक किया रेप

लगातार तीन दिन तक गैंगरेप करने के बाद लड़की के परिचित लड़के ने सुशांत गोल्फ सिटी से चारबाग के लिए कैब बुक की और सुहेलदेव एक्सप्रेस से स्लीपर टिकट बुक कर युवती को दिल्ली भेज दिया.

pinterest
Sagar Bhardwaj

दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती से लखनऊ में  गैंगरेप का मामला सामने आया है. युवती जौनपुर से दिल्ली आ रही थी तभी उसके एक परिचित लड़के ने उसे लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया और सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में अपने रूम पर ले गया वहां उसकी कॉफी में नींद की गोली मिलाकर उसे बेहोश कर उसके साथ गलत काम किया. यही नहीं शाम को उसके एक साथी ने भी उसके साथ जबरदस्ती की. दूसरे दिन दोनों लड़कों के साथ एक और लड़का शामिल हो गया और फिर तीनों ने तीन दिन तक बारी-बारी से लड़की का रेप किया.

लगातार तीन दिन तक गैंगरेप करने के बाद लड़की के परिचित लड़के ने सुशांत गोल्फ सिटी से चारबाग के लिए कैब बुक की और सुहेलदेव एक्सप्रेस से स्लीपर टिकट बुक कर युवती को दिल्ली भेज दिया. बुरी तरह डरी हुई लड़की ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद घरवालों ने रेलवे हेल्पलाइन पर बात करके युवती के लिए मदद मांगी.

पीड़िता कि शिकायत पर दिल्ली में मुकदमा दर्ज किया गया. युवती का परिचित लड़का शिवम यादव जौनपुर के जलालपुर का रहने वाला है. बेटी की बातें सुनकर पिता ने 139 रेलवे हेल्पलाइन पर मदद मांगी, इसके बाद जीआरपी की टीम महिला के पास पहुंची और पूरी घटना जानकारी युवती के परिजनों को दी. इसके बाद युवती को आनंद विहार थाने ले जाया गया, जहां अगले दिन उसके परिजन भी पहुंच गए. युवती के बयान पर आनंद विहार थाने में केस दर्ज कर लिया गया.

पीड़िता दिल्ली के एक प्राइवेट कॉलेज से बीए ऑनर्स की छात्र है. उसने पुलिस को बताया कि  कॉलेज की छुट्टी होने के बाद वह 1 मई को जौनपुर अपने घर गई थी. एग्जाम का एडमिट कार्ड आ गया था जिसे लेने के लिए वह 15 मई को वापस दिल्ली जाने के लिए निकली. उसके पिता उसे जाफराबाद स्टेशन पर सुलेहदेव एक्सप्रेस में बैठाकर चले गए.

ट्रेन चलने के बाद युवती ने शिवम यादव को वॉट्सएप पर मैसेज किया. उसने बताया कि वह शिवम को 4 साल से जानती है.शिवम अपने एक दोस्त के साथ उससे मिलने चारबाग स्टेशन पर आया था.मिलने के बाद शिवम ने उसे बार-बार कहकर ट्रेन से उतार लिया और अपने रूम पर ले जाकर तीन दिन तक उसके साथ रेप किया और फिर उसी ट्रेन से दिल्ली भेज दिया.

पूरी प्लानिंग के साथ आया था शिवम

पीड़िता ने बताया कि शिवम ने उससे कहा कि तुम उतर जाओ मैं तुम्हारे घर वालों से बात कर लूंगा, कोई दिक्कत नहीं होगी. आखिरकार युवती मान गई और उसके साथ चली गई. पीड़िता ने बताया कि शिवम के साथ उसका एक साथी शनि यादव भी स्टेशन पर आया था.

बेहोश कर किया रेप

युवती ने बताया कि रूम पर पहुंचने के बाद शिवम साथ में ही रुक गया और शनि खाने का सामान लेने के लिए चला गया.  करीब आधा घंटे बाद शनि वापस आया और खाना देकर चला गया.दोनों ने खाना खाया और इसके बाद शिवम ने उसे कॉफी पीने को दी. पीड़िता ने कहा कि कॉफी पीने के बाद उसे नींद आने लगी.इसके बाद शिवम ने मौके का फायदा उठाते उसके साथ गलत काम किया, युवती ने जब विरोध किया तो शिवम जबरदस्ती करने लगा. अगले दिन 16 मई को शनि रूम पर पहुंचा और कुछ ही देर बाद शिवम वहां से चला गया. शनि भी युवती के साथ जबरदस्ती करने लगा और जबरन कई बार संबंध बनाए. शिवम और शनि की हरकत से युवती काफी डर गई थी, जब लड़की को दर्द होने लगा तो शिवम ने उसे दवा दी लेकिन लड़की ने खाने से मना कर दिया.

कमरा बंद करके खाना लेने जाते थे आरोपी

शिवम यादव इस दौरान लगातार युवती का यौन शोषण करता रहा. जब वह बाहर जाता तो दरवाजे को लॉक करके जाता. 17 मई को एक और लड़का रूप पर पहुंचा जिसे युवती नहीं पहचानती थी. इसके बाद तीनों ने बारी-बारी से उसका रेप किया. तीनों आरोपी तीन दिन तक उसे बंधक बनाकर उसका रेप करते रहे.

मामले में एडीसीपी साउथ ने बताया कि दिल्ली के आनंद विहार में 22 मई को दर्ज हुआ मुकदमे को लखनऊ ट्रांसफर किया गया है. पुलिस की 5 टीमें अलग-अलग इलाकों में आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं. पता चला है कि आरोपी और पीड़िता लगभग 5 साल से एक दूसरे को जानते हैं और दोनों का परिवार आपस में रिश्तेदार है.