UPPSC ने अभ्यर्थियों को दी बड़ी राहत, ओटीआर में गलतियां सुधारने का मिला एक और अंतिम मौका
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने अभ्यर्थियों की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए ओटीआर में दर्ज गलत जानकारी सुधारने के लिए अंतिम बार अतिरिक्त अवसर देने का फैसला किया है.
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए एकल अवसरीय पंजीकरण में त्रुटियां सुधारने का एक और अंतिम अवसर देने की घोषणा की है. आयोग का यह निर्णय उन अभ्यर्थियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद लिया गया है, जिनके आवेदन ओटीआर में दर्ज गलत जानकारी के कारण प्रभावित होने की आशंका थी.
आयोग का कहना है कि कई अभ्यर्थियों ने पंजीकरण के दौरान अनजाने में महत्वपूर्ण जानकारियां गलत भर दी थीं. ऐसे में भविष्य की भर्तियों में उनका आवेदन निरस्त होने या अन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता था. इसी स्थिति को देखते हुए आयोग ने संशोधन का यह विशेष अवसर उपलब्ध कराया है.
ई मेल से लेकर आरटीआई तक पहुंचीं हजारों शिकायतें
यूपीपीएससी के उपसचिव वीरेन्द्र मणि त्रिपाठी द्वारा जारी सूचना के अनुसार आयोग को ई मेल, आनलाइन, आफलाइन और आरटीआई के माध्यम से बड़ी संख्या में प्रत्यावेदन प्राप्त हुए. शिकायतों की समीक्षा में पाया गया कि सबसे अधिक त्रुटियां अभ्यर्थियों द्वारा श्रेणी, गृह जनपद अथवा राज्य और दिव्यांगता संबंधी विवरण दर्ज करने में हुई हैं. इन गलतियों के कारण अनेक अभ्यर्थियों को भविष्य की भर्ती प्रक्रियाओं में परेशानी होने की आशंका जताई गई थी. इसी वजह से आयोग ने सभी मामलों पर विचार करने के बाद अतिरिक्त अवसर देने का निर्णय लिया.
Also Read
संशोधन के बाद नहीं मिलेगा दोबारा मौका
आयोग ने साफ कर दिया है कि यह अवसर केवल एक बार के लिए दिया जा रहा है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने ओटीआर में दर्ज सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच कर आवश्यक संशोधन समय रहते पूरा कर लें. एक बार विवरण अपडेट होने के बाद भविष्य में किसी भी प्रकार के संशोधन की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सभी भर्तियों में आवेदन करने के लिए ओटीआर नंबर अनिवार्य है. ऐसे में ओटीआर में दर्ज प्रत्येक जानकारी का सही होना बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.