Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'लौटकर केशव मीटिंग में आए...', आखिरकार CM योगी संग मीटिंग में दिखे दोनों डिप्टी सीएम, तस्वीरें आप भी देखिए

UP Politics: लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से उत्तर प्रदेश भाजपा में उथल-पुथल की खबरें थीं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम समेत कई अन्य नेता दिल्ली भी गए. पिछले एक-दो महीने यूपी की सियासत में तमाम तरह की 'उलट-फेर' वाली खबरें थीं. लेकिन यूपी बजट सत्र से चंद घंटे पहले एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने सभी अफवाहों और 'उलट-फेर' वाली खबरों पर विराम लगा दिया. सवाल ये कि का सब ठीक बा?

India Daily Live

UP Politics: काफी लंबे समय बाद यूपी की राजनीति की एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रही अफवाहों पर लगभग विराम लगा दिया. ये तस्वीर यूपी सरकार के कैबिनेट बैठक की थी, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर आयोजित की गई थी.

बैठक में लंबे अरसे बाद न सिर्फ योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक एक साथ दिखे, बल्कि उनके एक साथ मिलकर ठहाके लगाने वाली तस्वीर भी सामने आई. इससे पहले मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के बीच सब कुछ ठीक नहीं होने की खबरें थीं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री ने कई बैठकें लीं, लेकिन दोनों डिप्टी सीएम मुख्यमंत्री की किसी बैठक में नहीं दिखे. हालांकि, सोमवार को बजट सत्र के शुरू होने से ठीक कुछ देर पहले मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री एक साथ दिखे. इसके बाद मंगलवार को सत्र के शुरू होने से पहले जब कैबिनेट की मीटिंग हुई, तो दोनों डिप्टी सीएम बैठक में मौजूद रहे. मुख्यमंत्री के साथ दोनों डिप्टी सीएम और कैबिनेट के अन्य मंत्री भी किसी बात पर एक साथ ठहाका लगाते दिखे.

12 हजार 209 करोड़ 93 लाख का अनुपूरक बजट पेश

उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को योगी सरकार ने 12 हज़ार 209 करोड़ 93 लाख रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया. अनुपूरक बजट पेश करने से पहले कैबिनेट मीटिंग हुई, जिसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं. कहा जा रहा है कि तस्वीरों के जरिए अनुमान लगाया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश भाजपा के अंदर कोई अंदरुनी कलह नहीं है, न ही किसी नेता के बीच कोई खटपट है.

दोनों डिप्टी सीएम ने एक्स पर कैबिनेट बैठक की तस्वीरें पोस्ट की हैं. डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और कैबिनेट मंत्रियों के साथ जनता के विकास से जुड़े विषयों पर आयोजित उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में शामिल हुआ. 

वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी लिखा कि आज मुख्यमंत्री आवास, कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में मंत्रियों के साथ शामिल हुआ.