UP Police Exam 2024: सख्ती से चेकिंग, कलावा तक उतरवाए, परिजनों को एग्जाम सेंटर से दूर रहने के निर्देश
UP Police Exam 2024: उत्तर प्रदेश में सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू हो चुकी है. सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर भीड़ जुटी हुई है. परीक्षा 23 24 25 30 व 31 अगस्त को दो-दो पालियों में होगी जिसमें कुल 4817441 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे.
उत्तर प्रदेश में 60244 पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2024 के लिए शुक्रवार से परीक्षा शुरू हो चुकी है. परीक्षा 23 24 25 30 और 31 अगस्त को दो-दो पालियों में होगी जिसमें कुल 4817441 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे. परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए 2300 मजिस्ट्रेट व 25 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. कानपुर में परीक्षार्थियों के जूते-चप्पल उतरवाए. लड़कियों के जुड़े खुलवाए. लखनऊ में राखी-कलावा तक उतरवा दिए.
परीक्षा में किसी तरह की धांधली न हो इसके लिए साइबर थाने को जिले का कंट्रोल रूम बनाया गया है. बड़ी संख्या में पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जारी रही है. परीक्षार्थियों के साथ एग्जाम सेंटर पहुंचे परिजनों को भी जरूरी निर्देश दिया गया है. कोई भी परिजन परीक्षा के दौरान सेंटर के 200 मीटर तक के दायरे में नहीं रह सकता.
सख्त चेकिंग के बाद एंट्री
हर परीक्षा केंद्र पर सख्त चेकिंग की जा रही है. कैंडिडेट्स के जूते उतरवाए गए हैं, इसके अलावा हाथों से अंगूठी, कड़ा और कलावे भी उतरवा लिए गए हैं. हर कैंडिडेट का वेरिफिकेशन किया गया. बता दें कि यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को कुल 10 शिफ्ट में आयोजित की जाएगी. हर शिफ्ट में लगभग 2616 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे.
कल रात से रेलवे स्टेशन और बसों में छात्रों की भारी भीड़ दिखी. बस छात्रों से भरे पड़े थे. स्टेशन पर भी परीक्षा सेंटर जाने वाले छात्रों की भीड़ देखने को मिली. रेलवे, बस स्टेशन और अन्य स्थानों पर रुके अभ्यर्थी सुबह ही केंद्र के आस पास पहुंचने लगे थे. केंद्र के बाहर रात से ही अभ्यर्थी जुटने लगे थे.