UP Oil Crisis: संत कबीर नगर और महाराजगंज में पेट्रोल-डीजल पर राशनिंग, पंप खुलने का समय भी घटाया
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर और महाराजगंज में तेल संकट के चलते पेट्रोल-डीजल की राशनिंग लागू कर दी गई है. पेट्रोल पंपों के खुलने का समय घटाया गया है और वाहनों के लिए ईंधन की लिमिट तय कर दी गई है.
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर और महाराजगंज जिले में डीजल और पेट्रोल पर राशनिंग के साथ ही पेट्रोल पंप खुलने का समय भी कम किया गया है. संत कबीर नगर में पेट्रोल पंप रोजाना 10 घंटे बंद रहेंगे जबकि महाराजगंज में 11 घंटे. जिला आपूर्ति अधिकारी संत कबीर नगर ने तेल संकट के बीच पेट्रोल पंप डीलर्स को आदेश जारी किया है कि रोजाना 10 घंटे पंप बंद रखे जाएं. जिला आपूर्ति अधिकारी राजीव कुमार की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक पेट्रोल पंप सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक ही खुल सकेंगे. विभाग का कहना है कि तेल संकट और खेती में डीजल की खपत के बीच संतुलन स्थापित करने के लिए ये आदेश जारी किए गए हैं.
जान लें किसको मिलेगा कितना तेल
संत कबीर नगर के जिला आपूर्ति अधिकारी की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक वाहनों के लिए अलग लिमिट तय की गई है. भारी वाहनों में शामिल बस और ट्रक केवल 30 से 40 लीटर डीजल ले सकेंगे, जबकि कार-जीप को अधिकतम 15 से 20 लीटर डीजल या पेट्रोल दिया जाएगा. दो पहिया वाहन (बाइक-स्कूटी) अधिकतम तीन लीडर पेट्रोल ले सकेंगे. इसके अलावा केन में केवल 15 लीटर डीजल दिया जाएगा, पेट्रोल केवल वाहन की टंकी में ही दिया जाएगा. केन में डीजल लेने की सुविधा केवल किसानों के लिए है, इसलिए फार्मर रजिस्ट्री में नाम चेक करने के बाद केन में डीजल दिया जाएगा.
महाराजगंज की टाइमिंग और लिमिट भी जान लें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाराजगंज जिले में भी पेट्रोल पंपों पर सख्ती बढ़ाई गई है. यहां पेट्रोल रोजाना 11 घंटे बंद रहेंगे. सुबह 7 बजे पेट्रोल पंप खुलेंगे और शाम 8 बजे बंद हो जाएंगे. महाराजगंज जिला सूचना कार्यालय ने मीडिया को बताया कि डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पेट्रोल पंप डीलर्स के साथ बैठक कर अनावश्यक भीड़ पर रोक लगाने के लिए यह निर्णय लिया है. महाराजगंज में केन में केवल पांच लीटर डीजल ही दिया जाएगा. बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को तेल नहीं मिलेगा.