FIFA World Cup 2026

UP Weather: यूपी में मानसून हुआ फिर से सक्रिय, इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 19 जुलाई को 33 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने 19 जुलाई के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. रविवार को राज्यभर में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कई जिलों में वज्रपात की आशंका भी जताई गई है. 

मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 जुलाई के बीच मानसून सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा. इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

शनिवार को कैसा था मौसम?

शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 141.6 मिमी बारिश गोरखपुर में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा मिर्जापुर में 80 मिमी, लखीमपुर खीरी में 70.4 मिमी, वाराणसी में 64 मिमी और सुल्तानपुर में 58 मिमी बारिश हुई. 


आज कैसा रहेगा मौसम?

लगातार बारिश के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. इससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली. राजधानी लखनऊ में भी रविवार को गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार आने वाले तीन दिन प्रदेश में मानसून का असर और तेज रहेगा. विभाग ने तराई क्षेत्र के 10 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं 23 जिलों में भारी बारिश और 45 जिलों में गरज चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है. ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और नदी नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है.

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में महराजगंज, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सीतापुर, बरेली और पीलीभीत शामिल हैं. इन जिलों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. 

वहीं गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, संत कबीर नगर, गाजीपुर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी, हरदोई, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, बदायूं और ललितपुर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.