UP Weather: यूपी के इन जिलों में मानसून सक्रिय, अगले 48 घंटों में बारिश और बिजली का अलर्ट जारी; IMD ने दी चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है. लखनऊ, वाराणसी समेत कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है.

Pinterest
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. राजधानी लखनऊ, वाराणसी और आसपास के इलाकों में लगातार मौसम का मिजाज बदला हुआ है. बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए कई जिलों में तेज हवा, गरज चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों में वाराणसी में छह मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो गया है. बीएचयू केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के बराबर है. हालांकि हवा में नमी अधिक होने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है. सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत और शाम को 86 प्रतिशत दर्ज की गई.

कितने दिनों के लिए जारी किया गया है अलर्ट?

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है. लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.


तीन और चार जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और एक या दो दौर की बारिश होने का अनुमान है. इन दिनों भी बिजली चमकने का खतरा बना रहेगा. अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सात जुलाई तक मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा और कई इलाकों में रुक रुक कर बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग का क्या है कहना?

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में मानसून के पूरे उत्तर प्रदेश में तेजी से फैलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है और धीरे धीरे इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा. कई स्थानों पर झमाझम बारिश होने की संभावना है.