यूपी में मेट्रो नेटवर्क का होगा बड़ा विस्तार, लखनऊ-कानपुर-आगरा में नए रूट्स की तैयारी तेज; पार्किंग की समस्या को भी होगा समाधान
उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों लखनऊ, कानपुर और आगरा में मेट्रो रेल नेटवर्क के व्यापक विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है. इससे न केवल यात्रियों को बेहतर और तेज परिवहन सुविधा मिलेगी, बल्कि शहरों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शहरी परिवहन ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. राज्य के तीन प्रमुख शहरों लखनऊ, कानपुर और आगरा में मेट्रो रेल नेटवर्क के व्यापक विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है. इससे न केवल यात्रियों को बेहतर और तेज परिवहन सुविधा मिलेगी, बल्कि शहरों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी.
यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने इन तीनों शहरों में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रस्तावित योजना के तहत लखनऊ में लगभग 170 किलोमीटर, कानपुर में 83 किलोमीटर और आगरा में 89 किलोमीटर तक मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा. इस संबंध में उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए हैं.
मेट्रो स्टेशनों के पास विकसित होंगी पार्किंग सुविधाएं
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास पार्किंग व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा. इसके लिए लखनऊ में 17, कानपुर में 24 और आगरा में 19 अतिरिक्त पार्किंग स्थलों की पहचान की गई है. नगर निगम और विकास प्राधिकरण इन स्थानों पर मल्टी लेवल पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं का विकास करेंगे ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
Also Read
दूसरे चरण की परियोजनाओं पर भी तेजी
राज्य सरकार ने लखनऊ, कानपुर और आगरा के मंडलायुक्तों के साथ आवास, नगर विकास, परिवहन और पर्यटन विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. इन शहरों में मेट्रो परियोजनाओं के दूसरे चरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे भविष्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी.
कानपुर मेट्रो को मिलेगा नया विस्तार
कानपुर में सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है. मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (CMRS) की तकनीकी टीम ने प्रारंभिक निरीक्षण पूरा कर लिया है. मुख्य परीक्षण और अंतिम मंजूरी मिलने के बाद इस रूट पर यात्री सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी.
सात नए स्टेशन होंगे शामिल
नौबस्ता सेक्शन के शुरू होने के बाद झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता सहित सात नए स्टेशन मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे. इससे दक्षिणी कानपुर के लाखों लोगों को शहर के प्रमुख क्षेत्रों तक तेज, सुरक्षित और जाम मुक्त यात्रा का लाभ मिलेगा.