UP में 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान शुरू: साल भर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग ने 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान शुरू किया है. इसका उद्देश्य पूरे साल राज्य में स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है.
प्रदेशवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग ने 'शुद्ध ही शुभ है' थीम के साथ राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की है. यह अभियान केवल आगामी त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्ष खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने और सुरक्षित खान-पान को दैनिक कार्य प्रणाली में शामिल करने पर जोर देगा.
फूड सर्विस सेक्टर और निर्माण इकाइयों पर फोकस
अभियान के तहत केवल खाद्य निर्माण इकाइयों पर ही नहीं, बल्कि फूड सर्विस सेक्टर पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. नोएडा, लखनऊ और गोरखपुर जैसे शहरों में बड़े रेस्टोरेंट, बेकरी, लग्जरी होटल, इंडस्ट्रियल कैंटीन, ढाबों और फूड कोर्ट से लेकर छोटे स्ट्रीट फूड विक्रेताओं तक व्यापक निरीक्षण किया जाएगा. घटिया सामग्री और कृत्रिम मिलावट के उपयोग पर सख्त नजर रखी जाएगी.
स्वच्छता और सुरक्षा मानकों की जानकारी
खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और खाद्य-उपयुक्त पैकेजिंग के मानकों के प्रति जागरूक किया जाएगा. पके और कच्चे तथा शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग रखने और साफ पानी के इस्तेमाल पर जोर रहेगा. इसके साथ ही खाद्य सामग्री को अखबार या मैगजीन के कागज में पैक न करने की सख्त सलाह दी जाएगी. कारोबारियों को सुधार का मौका देने के बाद ही कार्रवाई होगी.
Also Read
निगरानी और शिकायत निवारण व्यवस्था
अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिला, मंडल और मुख्यालय स्तर पर निगरानी की जाएगी. आम जनता और कारोबारियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अलग प्रकोष्ठ बनाया गया है. नागरिक अपनी शिकायतें टोल-फ्री नंबर (18001805533 / 1076) या व्हाट्सएप नंबर (9793429747) के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं.