अबॉर्शन के बाद लिव-इन में रह रही महिला की मौत, शव को देख फरार हुआ पार्टनर; जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. इस मामले में एक 32 साल की महिला की अबॉर्शन के बाद मौत हो गई. वहीं दूसरी तरफ महिला का पार्टनर फरार हो गया.

Pinterest
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. मिली जानकारी के मुताबिक मिश्री गांव की 32 साल की एक महिला शिवा की अबॉर्शन से जुड़ी जटिलताओं के इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों ने उसके लिव-इन पार्टनर अश्वनी पर महिला को जबरन गर्भपात के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप लगाया है. 

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि महिला की शादी हरियाणा के रेवाड़ी जिले के रहने वाले सुनील से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही वह पति को छोड़कर मायके लौट आई थी. इसके कुछ दिनों बाद वह उसी गांव के रहने वाले अश्वनी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी.

परिवार वालों ने लगाए गंभीर आरोप 

परिवार वालों का कहना है कि शिवा की तबीयत 10 दिनों से खराब थी. जिसके बाद अश्वनी उसे पहले एटा के एक स्थानीय अस्पताल ले गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान शनिवार को शिवा की मौत हो गई.

परिवार वालों का कहना है कि जैसे ही शिवा का शव गांव पहुंचा, अश्वनी मौके से फरार हो गया. मिली जानकारी के मुताबिक महिला के परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया और अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया. हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद परिजन मान गए और अंतिम संस्कार किया गया. शिवा के मामा रजनीश ने आरोप लगाया कि अश्वनी ने शिवा को जबरन अबॉर्शन के लिए मजबूर किया था. अबॉर्शन प्रक्रिया के बाद महिला को पेट में तेज दर्द शुरू हुआ और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हो रहा इंतजार

परिवार ने इसके पीछे अश्वनी को जिम्मेदार ठहराया है. साकीत सर्कल ऑफिसर नितेश गर्ग ने इस मामले की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. उन्होंने कहा कि अभी महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. मिली जानकारी के मुताबिक महिला के दो छोटे बच्चे भी हैं. इस घटना की वजह से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और मामले को लेकर महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं.