Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

आम तोड़ने पर 3 बच्चों के साथ हैवानियत, पेड़ से बांधकर पीटा, अब दर्ज हो गया केस

पिटाई के दौरान बच्चों के चिल्लाने की आवाज किसी को सुनाई ना दे इसलिए माली ने उनके मुंह में आम ठूंस दिए. बच्चों की जमकर पिटाई करने के बाद माली ने उनसे कहा कि अगर वे दोबारा बाग में दिखे तो उन्हें इससे भी बुरी सजा दी जाएगी. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने माली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसे जेल भेज दिया है.

social media
India Daily Live

UP News: उत्तर प्रदेश से आम के बगीचे से आम तोड़ने पर बच्चों को बुरी तरह से पीटने का मामला सामने आया है. बच्चों के साथ यह हैवानियत प्रदेश के महाराजगंज में की गई. आम तोड़ने वाले तीन बच्चों को पहले पेड़ से बांधा गया फिर उसके बाद उनके मुंह में आम ठूंस कर उनकी बुरी तरह से पिटाई की गई. पुलिस ने यह जानकारी दी है. चौक थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने कहा कि बच्चों के साथ मार पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी माली सुदर्शन के खिलाफ केस दर्ज किया है. 

4 से 6 साल के बीच थी बच्चों की उम्र

पुलिस ने बताया कि सभी बच्चों की उम्र 4 से 6 साल के बीच थी. उन्होंने कहा कि जब बच्चे आम तोड़ रहे थे तभी सुदर्शन ने उन बच्चों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की. यह मामला महाराजगंज के पिपरहा गुरु गोविंद राय गांव का बताया जा रहा है. पिटाई के दौरान बच्चों के चिल्लाने की आवाज किसी को सुनाई ना दे इसलिए माली ने उनके मुंह में आम ठूंस दिए. 

अगर दोबारा बाग में दिखे तो...

यही नहीं उसने बच्चों को चेतावनी दी कि अगर वे दोबारा बगीचे में आए तो उन्हें  इससे भी भयानक सजा दी जाएगी. किसी ने इस मार पिटाई का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. तीनों बच्चों की मां चौक पुलिस स्टेशन पहुंची और आरोपी माली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने आरोपी माली को भेजा जेल

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. पुलिस ने कहा कि माली के खिलाफ बच्चों को मारने, उन्हें गाली और धमकी देने का आरोप है. उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.