menu-icon
India Daily

एसटीएफ ने हासिल की बड़ी सफलता, 1.25 लाख के इनामी कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया

रविवार देर रात सहारनपुर के सरसावा-नकुर रोड पर हुई मुठभेड़ में 1.25 लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह को मार गिराया गया. लल्लन सिंह पर दो सब-इंस्पेक्टर समेत सात लोगों की हत्या का आरोप था.

antima
Edited By: Antima Pal
एसटीएफ ने हासिल की बड़ी सफलता, 1.25 लाख के इनामी कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया
Courtesy: Pinterest

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की है. रविवार देर रात सहारनपुर के सरसावा-नकुर रोड पर हुई मुठभेड़ में 1.25 लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह को मार गिराया गया. लल्लन सिंह पर दो सब-इंस्पेक्टर समेत सात लोगों की हत्या का आरोप था. इसके अलावा लूट, हत्या के प्रयास और कई गंभीर मुकदमे उसके खिलाफ दर्ज थे.

एसटीएफ ने हासिल की बड़ी सफलता

बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला लल्लन सिंह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने उसकी गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. वह मूल रूप से समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का निवासी था.

मुठभेड़ कैसे हुई?

21 जून की रात एसटीएफ की टीम एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में सहारनपुर जिले में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान टीम को लल्लन सिंह और उसके साथी के वहां होने की सूचना मिली. टीम ने तुरंत घेराबंदी कर ली. बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह को गोली लग गई. उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. 

घायल लल्लन सिंह को तुरंत सरसावा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

क्या थे लल्लन सिंह के अपराध?

लल्लन सिंह बेहद खतरनाक अपराधी माना जाता था. उस पर दो पुलिस सब-इंस्पेक्टरों की हत्या का आरोप था. एक मामले में उसने एसआई को गोली मारकर उसकी पिस्टल भी लूट ली थी. कुल सात हत्याओं के अलावा लूट, डकैती और अन्य संगीन अपराधों में वह वांछित था. लंबे समय से वह बिहार और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अपराध करता फिर रहा था. एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है.