मेरठ: मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित माधवपुरम इलाके में देर रात एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी. इस हादसे में सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भी चिंता बढ़ गई है.
मिली जानकारी के अनुसार माधवपुरम क्षेत्र में थाना मोबाइल, फैंटम और पीआरवी टीमों का गश्त मिलान कार्यक्रम चल रहा था. पुलिसकर्मी सड़क किनारे खड़े होकर ड्यूटी से जुड़ी जानकारी साझा कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक इनोवा कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और वहां खड़ी पुलिस की मोबाइल जीप के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी.
रफ्तार का घमंड, कानून से टकराया!
— Farman Saifi (@FarmanSaifi1077) June 22, 2026
UP- मेरठ में देर रात गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर एक रईसजादे ने इनोवा कार चढ़ा दी. इस हादसे में 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है. pic.twitter.com/dkTl6yxVhq
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस की मोबाइल जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कई पुलिसकर्मी सड़क पर दूर तक जा गिरे. हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
इस दुर्घटना में हेड कांस्टेबल सतेंद्र कुमार, रविंद्र मलिक, अजय कुमार, विक्रम सिंह, कांस्टेबल लोकेंद्र, कपिल भाटी तथा होमगार्ड राजेश कुमार घायल हुए हैं. चिकित्सकों के अनुसार सात में से दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. अन्य पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल इनोवा कार को कब्जे में ले लिया है. साथ ही चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा केवल तेज रफ्तार और लापरवाही का परिणाम था या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी मौजूद है. सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.