सपा दंगों की राजनीति करती है... सीएम योगी ने साधा निशाना, JPNIC पर कब्जे की कोशिश का लगाया आरोप

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सपा पर दंगों, कर्फ्यू और बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया.

X
Ashutosh Rai

लखनऊ में अवंती बाई लोधी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधा. उन्होंने JPNIC परियोजना को लेकर सरकार के फैसले का बचाव किया और कहा कि इसमें जनता का पैसा लगा है. कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे और उन्होंने योगी सरकार की तारीफ की.

JPNIC को लेकर योगी का सपा पर हमला

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि JPNIC के लिए पहले 200 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई थी. बाद में इस पर 864 करोड़ रुपये खर्च हो गए और काम फिर भी पूरा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा इस परियोजना पर अपना नियंत्रण चाहती थी. सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने कमेटी खत्म कर प्रोजेक्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण को सौंप दिया है. उनके मुताबिक, इसमें लगा पैसा किसी पार्टी का नहीं, उत्तर प्रदेश की जनता का है.

माफिया और भ्रष्टाचार पर सरकार सख्तः सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने सपा पर समाज को जाति और वर्ग के नाम पर बांटने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार माफिया, बेईमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की नीति पर चल रही है. सीएम योगी ने यह भी कहा कि JPNIC में सरकारी खजाने से खर्च हुई रकम की वसूली की जाएगी. उन्होंने अपने संबोधन में एकता का संदेश देते हुए कहा कि समाज को बांटने की राजनीति से बचना जरूरी है. इससे पहले उन्होंने लखनऊ कैंट में 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया.


राजनाथ सिंह ने कल्याण सिंह से की सीएम योगी की तुलना 

कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी संबोधन दिया. उन्होंने उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार की तारीफ की और कहा कि राज्य में पहले कल्याण सिंह की सरकार और अब योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपराधियों पर सख्ती दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि महिलाओं की ओर गलत नजर रखने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया.