menu-icon
India Daily

IIT-IIM से पढ़ाई, लंदन की नौकरी छोड़ी और बनीं IAS... यूपी की दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, अफसर पति भी छोड़ चुके नौकरी

चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने यूपी में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. IIT-IIM से पढ़ीं दिव्या लंदन की नौकरी छोड़कर सिविल सर्विस में आई थी और कई जिलों की DM रही.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IIT-IIM से पढ़ाई, लंदन की नौकरी छोड़ी और बनीं IAS... यूपी की दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, अफसर पति भी छोड़ चुके नौकरी
Courtesy: X

IAS दिव्या मित्तल के अचानक इस्तीफे ने पूरे देश में हलचल मचा दी है. लखनऊ में राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद पर तैनात दिव्या ने मुख्य सचिव को इस्तीफा भेजा. उनकी अगली योजना साफ नहीं है लेकिन बिजनेस, कोचिंग और राजनीति को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं

IIT-IIM से लंदन की नौकरी तक

दिव्या मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं. IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA करने के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की लेकिन बाद में सिविल सर्विस में आने का फैसला किया. उन्होंने बिना कोचिंग UPSC की तैयारी की और पहले प्रयास में IPS बनीं. इसके बाद IPS ट्रेनिंग के दौरान भी IAS की तैयारी जारी रखी और अगले ही साल 2013 में IAS के लिए चुन ली गईं. दिव्या मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया की DM रह चुकी हैं. मिर्जापुर में उनके काम को खास पहचान मिली. उनकी पहल से लहुरियादह गांव में पहली बार पानी पहुंचा. उनकी सख्त कार्यशैली और मौके पर अधिकारियों को फटकार लगाने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे.

देवरिया से लखनऊ ट्रांसफर के बाद बढ़ी चर्चाएं

दिव्या करीब दो साल तक देवरिया की DM रहीं. जुलाई 2025 में एक दिशा समिति की बैठक के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर जनप्रतिनिधियों के दबाव का मुद्दा उठा. दिव्या ने कहा था कि प्रशासन पर इस तरह दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए. इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ उनकी तनातनी की खबरें सामने आईं और उनकी शिकायतें सरकार तक पहुंची. करीब चार महीने पहले उन्हें देवरिया से हटाकर लखनऊ में राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया. यह पद उनके लिए फील्ड पोस्टिंग से काफी अलग था. अब इस्तीफा देने के बाद चर्चा है कि वह अपने पति गगनदीप सिंह के बिजनेस से जुड़ सकती हैं या लखनऊ में UPSC कोचिंग शुरू कर सकती हैं. उन्होंने हाल में UPSC तैयारी पर एक किताब भी लॉन्च की है.

पति भी छोड़ चुके हैं सरकारी नौकरी

दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह भी सरकारी नौकरी छोड़कर अपना बिजनेस शुरू कर चुके हैं. वह 2010 बैच के नहीं, बल्कि 2011 बैच के भारतीय व्यापार सेवा अधिकारी हैं और 2022 में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक पद से इस्तीफा दे चुके हैं. उन्होंने IIT दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग और IIM बेंगलुरु से मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी. दिव्या के इस्तीफे के बाद यह भी चर्चा है कि दोनों मिलकर शिक्षा या बिजनेस पर काम कर सकते हैं. यूपी में अगले साल चुनाव होने के कारण दिव्या के राजनीति में आने की चर्चा भी तेज है. मिर्जापुर में DM रहते हुए उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उनके वहां से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं.