Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'हमारे CM को शायद दिल्ली से खबर आई है, मुख्यमंत्री रहते हुए विदेश नीति पर बयान देते हैं...', अखिलेश यादव ने कसा तंज

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मौजूदा मुख्यमंत्री योदी आदित्यनाथ के उस बयान के बहाने उन पर तंज कसा है जिसमें उन्होंने बांग्लादेश में हो रही हिंसाओं का जिक्र किया था. अखिलेश यादव ने कहा है कि शायद मुख्यमंत्री को दिल्ली से खबर मिली है कि कूदकर आगे आना चाहिए, इसीलिए सीएम रहते हुए वह विदेश नीति पर भी बयान देने लगे हैं. अखिलेश ने एक बार फिर से कहा कि उनकी सरकार बनी तो अग्निवीर योजना को खत्म किया जाएगा.

Social Media
India Daily Live

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा है. आज समाजवादी पार्टी के दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने कहा है कि हमारे सीएम तो बहुत तेज चल रहे हैं, उनको शायद दिल्ली से संदेश आया है इसलिए सीएम रहते हुए विदेश नीति पर बयान देने लगे हैं. अग्निवीर योजना के बारे में अखिलेश यादव ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो इस योजना को तुरंत ही बंद कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि शायद वित्त विभाग ऐसे फैसले ले रहा है और पैसे बचाने के लिए अग्निवीर जैसी योजनाएं लाई जा रही हैं.

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सपा के दफ्तर में कई युवाओं को सम्मानित किया गया. इस मौके पर अखिलेश यादव ने एक ऐसे युवा को भी प्रोत्साहित किया जिसके बारे में उन्होंने बताया कि उसने सेना भर्ती के लिए फिजिकल और मेडिकल पास कर लिया लेकिन उसकी ज्वाइनिंग नहीं हो पाई. सेना की भर्तियों और अग्निवीर योजना के बारे में अखिलेश ने कहा, 'आज मैं 15 अगस्त के दिन यह बात कह रहा हूं कि जिस दिन हमारी सरकार आएगी, अग्निवीर योजना को बंद कर देंगे. मुझे समझ नहीं आता कि अग्निवीर योजना लाया कौन है, ये रक्षा मंत्रालय की योजना है या वित्त विभाग इसे लाया है?'

'उनको खबर आई है कि कूदकर आगे आना चाहिए'

सीएम योगी के बहाने बीजेपी पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा, 'हमारे पड़ोसी देश में क्या हुआ है मैं उस पर नहीं जाना चाहता हूं. हमारे मुख्यमंत्री तो इतना रफ्तार से भाग रहे हैं. उन्हें शायद दिल्ली से खबर आई है कि कूदना चाहिए, उछलकर आगे आना चाहिए. वो मुख्यमंत्री होते हुए विदेश नीति पर बयान दे रहे हैं. मैं इस युवक से और आप लोगों से कहना चाहता हूं कि सरकार बनवाइए. हम लोगों की सरकार आएगी तो हम आपको नौकरी भी देंगे या फिर रोजगार उपलब्ध कराएंगे.'

अखिलेश यादव ने बलिया के मणिशंकर यादव नाम के जिस युवक को सम्मानित किया उसी ने एक बार उनकी रैली के दौरान उन्हें दरख्वास्त देने की कोशिश की थी लेकिन उसे सुरक्षकर्मियों ने पकड़ लिया था. अखिलेश ने उसके बारे में कहा, 'अगर ये नौजवान कन्फ्यूजन न होता तो अपनी दरख्वास्त लेकर स्टेज पर होता. मैंने इसको पब्लिक मीटिंग में देखा कि ये खड़ा होकर कागज दिखा रहा था, जैसे ही दूसरे पल मैंने देखा तो ये दौड़ता हुआ चला आ रहा था. पता नहीं इसके मन में क्या था कि ये आकर देना चाह रहा था कि फेंककर देना चाह रहा था. अगर ये कन्फ्यूज न होता तो सीधा स्टेज पर आ जाता और सिक्योरिटी वाले भी इसे नहीं पकड़ पाते.' अखिलेश ने इस युवक को सलाह भी दी कि दोबारा ऐसा मत करना.