स्मार्ट मीटर में जीरो बैलेंस? टेंशन की कोई बात नहीं, तीन दिनों तक नहीं कटेगी बिजली! योगी सरकार के निर्देश जारी
उत्तर प्रदेश सरकार ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बिजली उपभोक्ताओं को राहत दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्मार्ट मीटर के बैलेंस खत्म होने पर भी तुरंत बिजली ना काटने का निर्देश दिया है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य सरकार ने घोषणा की है कि स्मार्ट मीटर में बैलेंस शून्य हो जाने पर भी बिजली की आपूर्ति तुरंत नहीं काटी जाएगी. यह फैसला लखनऊ के शक्ति भवन में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान लिया गया.
बैठक में बिजली विभाग की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई और इसे अधिक उपभोक्ता-हितैषी, पारदर्शी तथा कुशल बनाने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए. इस फैसले से राज्य के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
बिजली कनेक्शन नहीं काटने का नियम
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को बैलेंस खत्म होने के बाद भी तीन दिनों तक या 200 रुपये तक की सीमा तक बिजली मिलती रहेगी. उन्होंने कहा कि यह प्रावधान उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए किया गया है. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि रविवार या किसी भी सार्वजनिक छुट्टी के दिन बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा, भले ही खाते का बैलेंस नेगेटिव क्यों न हो जाए. यह फैसला उपभोक्ताओं के प्रति मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है.
स्मार्ट मीटरों को लेकर ग्राहकों की शिकायत
सरकार ने स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पारंपरिक मीटरों को स्मार्ट मीटरों में बदलने का काम तत्काल प्रभाव से रोक दिया है. यह रोक तब तक रहेगी, जब तक उच्चस्तरीय तकनीकी समिति अपनी रिपोर्ट नहीं सौंप देती. मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय तकनीकी समिति 10 दिनों के अंदर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी.
समिति स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता, प्रदर्शन और उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच करेगी. जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर पहले से लगाए जा चुके हैं, वहां मीटर बदलने की प्रक्रिया के दौरान उपभोक्ताओं को लगभग 15 दिनों की अतिरिक्त मोहलत दी जाएगी. इसके बाद 30 दिनों की और राहत मिलेगी, यानी कुल 45 दिनों तक किसी भी कनेक्शन को नहीं काटा जाएगा. उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912, वेबसाइट और व्हाट्सएप चैटबॉट की सुविधा पहले से उपलब्ध कराई है.