Commonwealth Games 2026

यूपी में बड़ा हादसा, गोमती नदी में नहाते समय 6 लोग डूबे, इलाके में मची चीख-पुकार

जौनपुर में गोमती नदी के सद्भावना पुल के पास नहाने गए छह दोस्तों में से दो युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए.

Symbolic image
Ashutosh Rai

जौनपुर में शुक्रवार को गोमती नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गय. शहर कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना पुल स्थित विसर्जन घाट के पास छह युवक नदी में उतरे थे. अचानक सभी गहरे पानी में फंस गए और डूबने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि दो युवक नदी की तेज धारा में बह गए और अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है. मौके पर बचाव टीम और पुलिस मौजूद है.

नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी 24 वर्षीय दिलीप पटेल अपने एक मित्र के साथ गांव आए हुए थे. उनका दोस्त वाराणसी जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. शुक्रवार को दोनों समेत कुल छह दोस्त गोमती नदी के किनारे पहुंचे. दोनों नहाने के लिए नदी में उतर गए. शुरुआत में सब कुछ ठीक लगा लेकिन उसके कुछ ही देर बाद सभी युवक अचानक गहरे पानी में पहुंच गए. नदी का बहाव और गहराई समझ नहीं पाने के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और डूबने लगे.

स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी

घाट पर मौजूद लोगों ने युवकों की चीख-पुकार सुनी तो तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े. स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी. काफी मशक्कत के बाद चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, दिलीप पटेल और उनका वाराणसी निवासी मित्र तेज बहाव की चपेट में आ गए. दोनों कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए.


पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी और अतिरिक्त गोताखोरों को बुलाया गया. इसके बाद नदी में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. कई घंटों तक नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश करती रही.

परिवारों में पसरा मातम

दो युवकों के लापता होने की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया. परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और नदी किनारे बेसब्री से किसी अच्छी खबर का इंतजार करते रहे.