अयोध्या हनुमानगढ़ी के वरिष्ठ महंत संतराम दास का 85 वर्ष की आयु में निधन

यूपी के मुख्यमंत्री सीएम योगी अदित्यानाथ के करीबी महंत संतराम दास का निधन हो गया. बता दें कि ये अयोध्या के प्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी के वरिष्ठ महंत थे. वे 85 साल के थे.

X (@IndraPTiwari)
Shilpa Srivastava

अयोध्या: यूपी के मुख्यमंत्री सीएम योगी अदित्यानाथ के करीबी महंत संतराम दास का निधन हो गया. बता दें कि ये अयोध्या के प्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी के वरिष्ठ महंत थे. वे 85 साल के थे. उन्होंने सुबह करीब 11 बजे अपने आश्रम में आखिरी सांस ली. उनके निधन की खबर सुनकर संत समाज और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई है.

महंत संतराम दास उच्च रक्तचाप और मधुमेह (डायबिटीज) से काफी समय से पीड़ित थे. पिछले आठ महीनों से उनका इलाज चल रहा था. हाल ही में उनका इलाज मेदांता अस्पताल में हुआ था. इलाज के बाद वे तीन दिन पहले ही अयोध्या लौटे थे.

सीएम योगी के करीबी संत:

महंत संतराम दास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी संतों में शामिल थे. योगी जी अयोध्या आने पर अक्सर उनके आश्रम पहुंचकर आशीर्वाद लेते थे और उन्हें गदा तथा रामनाम की माला भेंट करते थे. हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास उनके शिष्य हैं.


कब होगी अंतिम यात्रा:

महंत संतराम दास की अंतिम यात्रा शनिवार शाम 4 बजे हनुमानगढ़ी से निकलेगी. इसके बाद सरयू तट पर पूरे वैदिक रीति-रिवाज से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर महंत जी के निधन की सूचना दी. उन्होंने अस्पताल की फोटो भी शेयर की.

संत समाज में शोक:

महंत संतराम दास का अयोध्या के संत समाज में बहुत सम्मान था. उनके निधन को संत परंपरा की अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है. आचार्य संतोष अवस्थी ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. बता दें कि महंत संतराम दास उज्जैनिया पट्टी के रहने वाले थे. उनका पूरा जीवन भक्ति, सेवा और संत परंपरा को समर्पित रहा. उनके निधन से अयोध्या के धार्मिक और सांस्कृतिक जगत में शोक की छाया छा गई है.