वाराणसी के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, 4 जुलाई को रोजगार मेला; 10 कंपनियां करेंगी भर्ती
वाराणसी में 4 जुलाई को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित होगा. करीब 10 कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी.
वाराणसी के युवाओं के लिए रोजगार पाने का बड़ा मौका सामने आया है. क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय 4 जुलाई 2026 को चौकाघाट स्थित कार्यालय परिसर में निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन करेगा. इसमें अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी और योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया जाएगा.
युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होने वाला यह रोजगार मेला बेरोजगार युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आ रहा है. क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में लगभग 10 निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी. एयरपोर्ट सिक्योरिटी, होटल, फ्रंट ऑफिस, निर्माण कार्य, सर्वे और प्रशासनिक पदों के लिए भर्ती की जाएगी. अलग-अलग शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का मौका मिलेगा. भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होगी और चयनित युवाओं को बेहतर वेतन के साथ काम करने का अवसर मिलेगा.
कई क्षेत्रों में होगी सीधी भर्ती
रोजगार मेले में एनएसएस सिक्युरिटी सर्विसेस रांची, गया और टाटा एयरपोर्ट के लिए सिक्युरिटी गार्ड और ड्राइवर का चयन करेगी. इंटर पास और 18 से 45 वर्ष तक के युवा इसमें आवेदन कर सकते हैं. टाटा स्ट्राइब होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, रेस्टोरेंट मैनेजर और किचन स्टाफ की भर्ती करेगी. वहीं ट्राई फोर्स कंपनी हेल्पर, राज मिस्त्री और बढ़ई मिस्त्री के पदों पर चयन करेगी. आरएसजी कंपनी सर्वे एग्जीक्यूटिव, सुपरवाइजर, एचआर मैनेजर और कंप्यूटर ऑपरेटर जैसे पदों पर भर्ती करेगी. इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा.
Also Read
- स्वास्थ्य सेवाओं में लखनऊ का दबदबा बरकरार: NHM की मई 2026 रैंकिंग में लगातार दूसरी बार प्रदेश में नंबर-1, मंडल स्तर पर भी मारी बाजी
- राम मंदिर चंदा चोरों पर बाबा का ताबड़तोड़ एक्शन, विरोधियों में मची खलबली
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में फूटा वकीलों का गुस्सा, चंपत राय समेत 4 पर FIR की मांग; अब आरोपियों के घरों पर चलेगा बुलडोजर!
इस दिन और ऐसे करें भागीदारी
रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि सभी इच्छुक अभ्यर्थी 4 जुलाई 2026 को सुबह 11:30 बजे चौकाघाट स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय पहुंचें. उम्मीदवार अपने साथ बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाणपत्र और जरूरी दस्तावेज लेकर आएं. अधिकारियों का कहना है कि इस मेले का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार दिलाना है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और निजी कंपनियों को भी योग्य कर्मचारी मिल सकेंगे. ऐसे में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा मौका साबित हो सकता है.