कौशांबी में भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत, मुंडन संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा; CM योगी ने लिया संज्ञान

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में सैनी थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई.

X
Anuj

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. सैनी थाना क्षेत्र के अतसराय के पास नेशनल हाईवे-2 पर हुए इस हादसे में 8 लोगों की मौत हुए है. इस घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है.

बताया जा रहा है कि फतेहपुर जिले के करौली गांव के करीब 18 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर मुंडन संस्कार के लिए प्रयागराज गए थे. कार्यक्रम के बाद सभी लोग अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि 8 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों को प्रयागराज किया गया रेफर

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में सैनी थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई. घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है. 

CM योगी ने लिया संज्ञान

इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए. और साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है.

क्षेत्र में शोक की लहर

पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है. इस दुखद घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.