menu-icon
India Daily

राम मंदिर में सख्ती, मोबाइल, बैग और कैमरा पर बैन, अब जमीन पर बैठकर होगी चढ़ावे की गिनती

कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड भी लागू किया गया है. अब उन्हें बिना किसी जेब वाली डार्क ब्लू रंग की खास ड्रेस पहननी होगी. काउंटिंग हॉल में प्रवेश से पहले हर कर्मचारी को दो चरणों में सख्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा. सूत्रों के अनुसार सुरक्षा घेरे को और मजबूत किया गया है ताकि कोई गड़बड़ी न हो सके.

antima
Edited By: Antima Pal
राम मंदिर में सख्ती, मोबाइल, बैग और कैमरा पर बैन, अब जमीन पर बैठकर होगी चढ़ावे की गिनती
Courtesy: Pinterest

Ram Mandir Donation: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बाद अब व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान काउंटिंग प्रक्रिया को और ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं. 

नए नियम क्या हैं?

अब काउंटिंग हॉल में कर्मचारियों को कुर्सी-मेज पर नहीं, बल्कि जमीन पर बैठकर चढ़ावे की गिनती करनी होगी. काउंटिंग हॉल के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा, बैग, पर्स या कोई भी निजी सामान ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. कर्मचारियों को काउंटिंग शुरू करने से पहले जूते-चप्पल भी बाहर उतारने होंगे.

कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड भी लागू किया गया है. अब उन्हें बिना किसी जेब वाली डार्क ब्लू रंग की खास ड्रेस पहननी होगी. काउंटिंग हॉल में प्रवेश से पहले हर कर्मचारी को दो चरणों में सख्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा. सूत्रों के अनुसार सुरक्षा घेरे को और मजबूत किया गया है ताकि कोई गड़बड़ी न हो सके.

चोरी मामले में नया खुलासा

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला अभी भी सुर्खियों में है. आरोपी अनुकल्प मिश्रा के बारे में नई जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि अनुकल्प मिश्रा के नाम पर मंदिर में 'व्यवस्था कार्यकर्ता' के रूप में एंट्री पास जारी किया जाता था. हर विशेष कार्यक्रम के दौरान उसी पास का इस्तेमाल कर उसे मंदिर परिसर में आसानी से प्रवेश मिल जाता था.

आरोप है कि इसी पास के सहारे वह चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया में भी शामिल हो जाता था. इस पूरे मामले ने मंदिर प्रबंधन को चौकस होने के लिए मजबूर कर दिया है. 

महंत का सख्त बयान

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने इस मामले पर बेहद सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने कहा- 'भगवान के घर में चोरी करने वालों को सीधे फांसी पर लटका देना चाहिए. ऐसे अपराधियों के लिए कोई नरमी नहीं बरती जानी चाहिए.' ट्रस्ट अब सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दे रहा है. नई व्यवस्था से न सिर्फ चढ़ावे की गिनती पारदर्शी होगी बल्कि भक्तों का विश्वास भी बना रहेगा.