कुर्सी पर कब्जे की जंग! लेडी प्रिंसिपल को धक्के मारकर बाहर निकाला, फिर दूसरी को बैठाकर बजाने लगे ताली
Prayagraj Bishop Johnson School: प्रयागराज में बिशप जॉनसन गर्ल्स विंग स्कूल के प्रिंसिपल की कुर्सी के लिए जंग छिड़ गई. इससे संबंधित एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वर्तमान प्रिंसिपल को कुर्सी समेत ऑफिस के बाहर ले जाते हुए देखा जा सकता है. इसके बाद उनकी जगह दूसरी महिला को प्रिंसिपल की कुर्सी पर बैठाया जाता है. फिर वहां मौजूद कुछ लोग ताली बजाकर नए प्रिंसिपल का स्वागत करते हैं.
Prayagraj Bishop Johnson School: प्रयागराज के बिशप जॉनसन गर्ल्स विंग स्कूल पर कब्जे के विवाद से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है. वीडियो में वर्तमान प्रिंसिपल को धक्के मारकर दफ्तर से बाहर ले जाते दिखाया गया है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. ये स्कूल डॉयोसिस ऑफ लखनऊ (चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया) से जुड़ा है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बिशप जॉनसन स्कूल की प्रिंसिपल को कुर्सी से धक्का दिया जा रहा है, जिसका वे लगातार विरोध कर रही हैं. इस बीच कुछ लोग प्रिंसिपल का मोबाइल छीनते नजर आ रहे हैं, फिर उन्हें कुर्सी समेत बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है. इस दौरान कुछ महिलाएं भी दिख रही हैं, जो पूरे प्रकरण में प्रिंसिपल से उलझती दिख रही हैं. थोड़ी देर बाद दूसरी महिला कुर्सी पर बैठती है, जिसे नई प्रिंसिपल बताया जा रहा है.
कुर्सी समेत बाहर निकाली जाने वाली प्रिंसिपल ने दर्ज कराया मामला
कुर्सी पर बैठी जिस प्रिंसिपल को बाहर निकाले जाने का वीडियो वायरल हो रहा है, उनकी पहचान पारुल सोलोमन के रूप में हुई है. पूरे मामले के बाद उन्होंने कर्नलगंज थाने में तहरीर दी है. पारुल की तहरीर पर एनल दान, बिशप मॉरिस एडगर दान, विनीता इसूबियस समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
जवाब में बिशप मॉरिस एडगर दान और स्कूल की वर्तमान प्रिंसिपल (पारुल को हटाकर बनाई गई नई प्रिंसिपल) विनीता इसूबियस ने पुलिस को कुछ वीडियोज दिए हैं. दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में पारुल खुद ही प्रिंसिपल की पोस्ट उन्हें टेकओवर करा रही हैं. फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आगे की पड़ताल में जुटी है.
आखिर पूरा मामला क्या है?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉयोसिस ऑफ लखनऊ के बिशप और अन्य पोस्ट को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच खींचतान चल रहा है. प्रिंसिपल की ही तरह कुछ दिन पहले वर्तमान बिशप पीटर बलदेव को हटाया गया था और मॉरिस एडगर दान को नया बिशप बनाया गया था. ये मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट तक पहुंचा है. डॉयोसिस ऑफ लखनऊ से जुड़े स्कूल, कॉलेज पर किस पक्ष का कब्जा होगा, कौन इसे चलाएगा, इसे लेकर भी खींचतान जारी है.
पहले पिता को हटाया, अब बेटी को भी निकाला
पारुल से पहले उनके पिता पीटर बलदेव को बिशप के पोस्ट से हटाया गया था. अब उनकी बेटी को प्रिंसिपल की पोस्ट से जबरन हटा दिया गया है. कहा जा रहा है कि बलदेव को हटाने वाले बिशप मॉरिस एडगर दान अपने समर्थकों के साथ बिशप जॉनसन गर्ल्स विंग स्कूल में जबरन घुसे और पारुल को बाहर का रास्ता दिखा दिया. पारुल सोलोमन के पति सुमित के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में जरूरी सबूत पुलिस कमिश्नर को सौंपे हैं. उन्होंने कहा कि जब मामला कोर्ट में है, तो जोर जबरदस्ती का मामला ही नहीं बनता.
और पढ़ें
- मदद का भरोसा, योगी सरकार से मुआवजे की अपील; हाथरस भगदड़ पीड़ितों से मिलने के बाद क्या बोले राहुल गांधी?
- भगदड़... 123 की मौत, 150 से ज्यादा घायल... फिर भी क्यों 'भोले बाबा' पर बनी हुई है भक्तों की आस्था?
- मायके से वापस नहीं लौट रही थी पत्नी, पति ने ब्लेड से काट दिया अपना प्राइवेट पार्ट, जानें क्या है पूरा मामला