अलीगढ़ में पुलिस पर हमला, कई पुलिसकर्मी घायल, अंबेडकर की मूर्ति हटाने को लेकर हुआ बवाल

यह घटना रोरावर थाना क्षेत्र के भीमपुर इब्राहिमपुर गांव की है, जहां अंबेडकर की मूर्ति को हटाने की प्रक्रिया के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया. पुलिसकर्मियों पर पथराव करते हुए उनके साथ मारपीट की गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा हो गया.

Social Media
Gyanendra Sharma

मंगलवार की शाम अलीगढ़ जिले के भीमपुर इब्राहिमपुर गांव में उस समय हिंसा फैल गई, जब अंबेडकर की मूर्ति हटाने के लिए पुलिसकर्मी पहुंचे. पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया, पत्थरबाजी की गई और उनके साथ मारपीट की गई. इस घटना में 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस की 4 बाइकों को भी आग के हवाले कर दिया गया. इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई. इस बवाल की सूचना मिलते ही चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए लाठी चार्ज किया.

यह घटना रोरावर थाना क्षेत्र के भीमपुर इब्राहिमपुर गांव की है, जहां अंबेडकर की मूर्ति को हटाने की प्रक्रिया के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया. पुलिसकर्मियों पर पथराव करते हुए उनके साथ मारपीट की गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा हो गया. पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और इसके बाद उन्होंने लाठी चार्ज कर घटनास्थल पर मौजूद लोगों को खदेड़ा.

पुलिस ने गांव के प्रधान को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने गांव के प्रधान और पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें थाने ले जाया गया. पुलिस ने बवाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है. वहीं, प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर गांव में अतिरिक्त बल तैनात किया है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं.

क्या है मामला? 

इस हिंसक घटना को लेकर पुलिस प्रशासन और स्थानीय नेताओं की ओर से स्थिति को शांत करने के प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मूर्ति हटाने का आदेश किस स्तर से आया था और इसके पीछे की वजह क्या थी. भीमपुर इब्राहिमपुर में जाटव समाज ने 25 जनवरी को ग्राम समाज की जमीन पर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाई थी. इसी जमीन पर बघेल समाज मंदिर बनवाने की मांग कर रहा था. इस पर गांव के दो पक्षों में पिछले 3 दिनों से तनाव की स्थिति थी.