अयोध्या के कथावाचक पवन देव महाराज पर रेप का आरोप, बिहार की महिला ने दर्ज कराई FIR

अयोध्या के कथावाचक पवन देव महाराज पर बिहार की महिला ने रेप का आरोप लगायाहै. महिला के मुताबिक राम मंदिर दर्शन के बहाने बुलाकर दुष्कर्म किया, फर्जी शादी रचाई और 10 लाख के गहने भी हड़प लिए.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या के प्रसिद्ध कथावाचक और हिंदू धर्मगुरु पवन देव महाराज पर एक बड़ा आरोप लगा है. बिहार की एक महिला ने उनके खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी और गहने हड़पने का मामला दर्ज कराया है. मामला सामने आने के बाद विभिन्न सोशल मिडिया पर भी इसको लेकर चर्चा शुरु हो गई है.

महिला के बयान के अनुसार, बिहार में आयोजित एक धार्मिक कथा के दौरान उसकी पवन देव महाराज से पहली मुलाकात हुई. इस दौरान दोनों के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया. समय के साथ नजदीकियां बढ़ती गईं और महिला उन पर भरोसा करने लगी.

राम मंदिर दर्शन के बहाने अयोध्या बुलाया

महिला का आरोप है कि जुलाई 2025 में पवन देव महाराज ने उसे राम मंदिर के दर्शन कराने का प्रलोभन देकर अयोध्या बुलाया. धर्म और आस्था की आड़ में महिला बिना किसी शक के अयोध्या पहुंच गई. यहीं से इस पूरी साजिश का असली चेहरा सामने आना शुरू हुआ.

अयोध्या में रेप, फिर मंदिर में रचाई फर्जी शादी

महिला के अनुसार अयोध्या में एक मकान के अंदर कथावाचक ने उसके साथ बलात्कार किया. इसके बाद उसे बहलाने के लिए एक मंदिर में फर्जी तरीके से शादी रचाई गई. कुछ दिनों तक महिला को अपने साथ रखा और फिर वापस भेज दिया. महिला का कहना है कि इस दौरान वह पूरी तरह उनके जाल में फंसी रही.

10 लाख के गहने भी हड़पे

पीड़िता का यह भी आरोप है कि वह अपने साथ लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर आई थी. आरोपी कथावाचक ने वे सभी गहने भी हड़प लिए और वापस नहीं किए. इस तरह धार्मिक विश्वास की आड़ में न केवल उसकी अस्मत बल्कि उसकी संपत्ति भी लूट ली गई.

न्याय की आस लिए पुलिस की शरण में पहुंची महिला

लंबे समय तक डर और दबाव में रहने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और आरोपी की गिरफ्त से बाहर निकलकर पुलिस के पास पहुंची. महिला ने विधिवत FIR दर्ज कराई है और कानूनी न्याय की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक दर्ज FIR में बलात्कार, धोखाधड़ी, फर्जी विवाह और संपत्ति हड़पने जैसी गंभीर धाराएं लगाई जा सकती हैं. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच की जा रही है. आरोपी कथावाचक की गिरफ्तारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.