नोएडा-ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक बसों की बड़ी सौगात, 28 रूटों पर दौड़ेंगी 115 बसें; एयरपोर्ट यात्रियों को मिलेगा फायदा

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन को लेकर बड़ी खुशखबरी है. सोमवार से पूरे क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों का व्यापक नेटवर्क शुरू होने जा रहा है.

Pinterest
Meenu Singh

नोएडा: नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन को लेकर बड़ी खुशखबरी है. सोमवार से पूरे क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों का व्यापक नेटवर्क शुरू होने जा रहा है, जिससे लाखों यात्रियों को सुविधाजनक, किफायती और पर्यावरण अनुकूल यात्रा का विकल्प मिलेगा. खास बात यह है कि यह पहल ऐसे समय में शुरू हो रही है जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ानों का संचालन भी शुरू होने वाला है, जिससे यात्रियों की आवाजाही में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है.

नई व्यवस्था के तहत कुल 115 बसें विभिन्न रूटों पर संचालित की जाएंगी. इनमें 100 इलेक्ट्रिक बसें, 10 डबल डेकर बसें और 5 हाइड्रोजन बसें शामिल हैं. यात्रियों को सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक बस सेवा उपलब्ध रहेगी. किराया भी आम लोगों की पहुंच में रखा गया है, जो न्यूनतम 20 रुपये और अधिकतम 50 रुपये तक होगा.

28 रूटों पर चलेगा बसों का नेटवर्क

परिवहन विभाग और प्राधिकरण की ओर से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र को जोड़ने के लिए 28 प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं. रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, 110 बसों का संचालन रोडवेज करेगा, जबकि हाइड्रोजन बसों की जिम्मेदारी यमुना प्राधिकरण के पास होगी. प्रत्येक बस में पर्याप्त संख्या में चालक और परिचालक तैनात किए जाएंगे ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो.


चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार

बसों के संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए सेक्टर 90 डिपो को प्रमुख केंद्र बनाया गया है. यहां फिलहाल पांच चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं. इसके अलावा सेक्टर 35 मोरना डिपो में भी चार्जिंग की व्यवस्था उपलब्ध है. भविष्य को ध्यान में रखते हुए सेक्टर 90 डिपो में 15 अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है.

शुरुआती दिनों में मिली अच्छी प्रतिक्रिया

ई बस सेवा के परीक्षण चरण में भी यात्रियों का अच्छा रुझान देखने को मिला. शुक्रवार और शनिवार को कुल 693 यात्रियों ने बसों में सफर किया. इस दौरान बसों ने हजारों किलोमीटर का संचालन किया और टिकट बिक्री से अच्छा राजस्व भी प्राप्त हुआ. इससे संकेत मिलता है कि क्षेत्र में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की मांग लगातार बढ़ रही है.

एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही यह बस नेटवर्क यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. आने वाले महीनों में एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए उड़ानों का विस्तार होगा, ऐसे में यह नई बस सेवा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने में अहम साबित होगी. इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और शहर में यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम बन सकेगी.