नोएडा अथॉरिटी का 390 करोड़ का हाईटेक ऑफिस तैयार, अब एक ही छत के नीचे होंगे सभी काम

नोएडा प्राधिकरण का नया प्रशासनिक मुख्यालय अब पूरी तरह तैयार है. सेक्टर-96 में बने इस आधुनिक भवन में सभी प्रमुख विभाग एक ही परिसर में काम करेंगे, जिससे लोगों को तेज, सरल और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी.

social media
Kuldeep Sharma

नोएडा शहर को एक नया प्रशासनिक केंद्र मिल गया है. सेक्टर-96 में बने अत्याधुनिक मुख्यालय का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर चुके हैं. आधुनिक तकनीक, बेहतर सुविधाओं और नागरिक सेवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह भवन अब प्राधिकरण के कामकाज को नई दिशा देने के लिए तैयार है.

390 करोड़ की लागत से तैयार आधुनिक भवन

करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बना यह नया मुख्यालय छह एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है. इसका निर्माण वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, लेकिन तकनीकी कारणों, निर्माण एजेंसी में बदलाव और कोविड-19 महामारी के चलते परियोजना को पूरा होने में अधिक समय लगा. बाद में विशेषज्ञों की तकनीकी सलाह के आधार पर भवन को और मजबूत तथा सुरक्षित बनाया गया, जिसके बाद इसे संचालन के लिए तैयार किया गया.

एक ही छत के नीचे होंगे सभी विभाग

इस भवन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नोएडा प्राधिकरण के सभी महत्वपूर्ण विभाग अब एक ही परिसर में कार्य करेंगे. इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. फाइलों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज होगी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा. इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता भी बढ़ने की उम्मीद है.


जनसुनवाई और हाईटेक सुविधाओं पर जोर

नागरिकों की सुविधा के लिए भवन में जनसुनवाई के लिए अलग फ्लोर विकसित किया गया है, जहां लोग अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे. इसके अलावा आधुनिक बैठक कक्ष, डिजिटल कार्यालय, उन्नत तकनीकी सुविधाएं और 670 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वरिष्ठ अधिकारियों के लिए भी आधुनिक कार्यालय तैयार किए गए हैं, जो बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करेंगे.