IMD Weather

शानदार ऑडिटोरियम से हाईटेक कॉन्फ्रेंस रूम तक, नोएडा अथॉरिटी के नए मुख्यालय का CM योगी ने किया उद्घाटन

नोएडा अथॉरिटी को स्थापना के 50 वर्ष बाद अपना स्थायी प्रशासनिक मुख्यालय मिल गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 390 करोड़ रुपये की लागत से बने भवन का उद्घाटन किया. इससे नागरिक सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलेगी.

X/@noida_authority
Kanhaiya Kumar Jha

नोएडा: नोएडा के विकास इतिहास में शनिवार का दिन एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनकर दर्ज हुआ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेक्टर-96 स्थित नोएडा अथॉरिटी के नए प्रशासनिक मुख्यालय का उद्घाटन किया. लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह आधुनिक भवन अब प्राधिकरण की सभी प्रमुख गतिविधियों का केंद्र बनेगा. लंबे समय से अलग-अलग स्थानों से संचालित हो रहे विभाग अब एक ही परिसर में काम करेंगे. इससे प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और आम नागरिकों को भी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी.

नोएडा की स्थापना के बाद से प्राधिकरण के कार्यालय विभिन्न भवनों से संचालित होते रहे. अब पहली बार अथॉरिटी को अपना स्थायी और आधुनिक मुख्यालय मिला है. उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि बेहतर प्रशासन और जनसेवा का नया केंद्र बनेगा. उन्होंने अधिकारियों को निवेश और विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश भी दिए.


आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन

सेक्टर-96 में बने इस भवन का निर्माण लगभग 24 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में किया गया है. इसमें दो बेसमेंट, प्रशासनिक टावर और ऑडिटोरियम की व्यवस्था है. सात मंजिला इस इमारत में विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग कार्यालय बनाए गए हैं. भवन में 11 लिफ्ट, कॉन्फ्रेंस रूम, बोर्ड रूम और जनसुनवाई केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.

जनसुनवाई और सेवाओं को मिलेगी रफ्तार

नई इमारत की पहली मंजिल पर जनसुनवाई केंद्र बनाया गया है, जहां नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकेंगे. अब लोगों को अलग-अलग विभागों के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में नहीं जाना पड़ेगा. सभी महत्वपूर्ण शाखाएं एक ही परिसर में होने से कार्यों का निस्तारण तेज और पारदर्शी होने की उम्मीद है.

विकास परियोजनाओं को नई मजबूती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया. उन्होंने प्रदेश के पहले इलेक्ट्रॉनिक पार्क की आधारशिला रखी और जेवर एयरपोर्ट सहित विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं का उल्लेख किया. उनका कहना था कि नोएडा आज देश के सबसे आकर्षक निवेश केंद्रों में शामिल हो चुका है.

भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर निर्माण

नया मुख्यालय ऐसे समय में तैयार हुआ है जब नोएडा तेजी से विस्तार कर रहा है. जेवर एयरपोर्ट, नमो भारत, बुलेट ट्रेन और न्यू नोएडा जैसी परियोजनाएं क्षेत्र की तस्वीर बदल रही हैं. बेहतर कनेक्टिविटी वाले इस भवन से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और आने वाले वर्षों में बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी.