menu-icon
India Daily

यूपी के हर घर पहुंचेगी पाइप वाली रसोई गैस, सिलेंडर का झंझट खत्म; योगी सरकार ने लाखों परिवारों को दिया बड़ा तोहफा

उत्तर प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी का तेजी से विस्तार हो रहा है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
यूपी के हर घर पहुंचेगी पाइप वाली रसोई गैस, सिलेंडर का झंझट खत्म; योगी सरकार ने लाखों परिवारों को दिया बड़ा तोहफा
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश में अब रसोई गैस की परेशानी जल्द दूर होने वाली है. योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य के हर घर तक पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रही है. 24 जून 2026 तक राज्य के 43 गैस वितरण क्षेत्रों में एक लाख साठ हजार से ज्यादा घरेलू कनेक्शन दिए जा चुके हैं और यह अभियान लगातार तेज होता जा रहा है.

क्या है पीएनजी?

पीएनजी यानी पाइप्ड नेचुरल गैस पाइपलाइन के जरिए सीधे घर की रसोई तक पहुंचती है. इससे बार-बार गैस सिलेंडर भरवाने की झंझट खत्म हो जाती है और गैस की आपूर्ति लगातार बनी रहती है. यह ईंधन पारंपरिक विकल्पों के मुकाबले ज्यादा साफ और सुरक्षित माना जाता है, जिससे प्रदूषण भी कम होता है. इसमें आधुनिक सुरक्षा प्रणाली लगी होती है जो गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत काम करती है. यही वजह है कि लोग तेजी से इस सुविधा को अपना रहे हैं.

इन जिलों में चल रहा है अभियान

यूपी के कई बड़े जिलों में गैस वितरण कंपनियां तेजी से काम कर रही हैं. लखनऊ, प्रयागराज, मेरठ, वाराणसी, गोरखपुर, मथुरा, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर और शाहजहांपुर समेत कई शहरों में पीएनजी नेटवर्क का जाल बिछाया जा रहा है. आईओसी-अडानी गैस, टोरेंट गैस, ग्रीन गैस लिमिटेड, गेल गैस, आईजीएल और एचपीसीएल जैसी कंपनियां अपने-अपने क्षेत्रों में यह काम कर रही हैं.

16 लाख कनेक्शन का बड़ा लक्ष्य

वित्त वर्ष 2026-27 में यूपी सरकार ने 16 लाख 23 हजार से ज्यादा नए पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया है. अभी तक करीब दस फीसदी लक्ष्य पूरा हो चुका है और रफ्तार बढ़ती जा रही है. सरकार आने वाले महीनों में नए शहरों और कॉलोनियों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी में है, ताकि ज्यादा से ज्यादा परिवारों को सस्ती, साफ और भरोसेमंद रसोई गैस मिल सके.