menu-icon
India Daily

यूपी में BJP की बड़ी रणनीति, लखनऊ में आज से दो दिवसीय दौरे पर होंगे नितिन नवीन; जानें क्या है प्लानिंग

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं. दौरे के दौरान नई प्रदेश टीम से परिचय, शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
यूपी में BJP की बड़ी रणनीति, लखनऊ में आज से दो दिवसीय दौरे पर होंगे नितिन नवीन; जानें क्या है प्लानिंग
Courtesy: @Sushma_Kharkwal X Account

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार से दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे. उनके इस दौरे को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. पार्टी इसे नई प्रदेश टीम के साथ परिचय बैठक बता रही है, लेकिन माना जा रहा है कि इस दौरान संगठन को चुनावी दिशा देने और बूथ स्तर तक रणनीति मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा होगी.

राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर शुक्रवार देर रात तक भाजपा प्रदेश मुख्यालय में तैयारियों की समीक्षा की गई. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्वागत कार्यक्रम, बैठकों की रूपरेखा और संगठनात्मक व्यवस्थाओं का जायजा लिया. एयरपोर्ट से लेकर विभिन्न कार्यक्रम स्थलों तक सभी तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया गया.

क्या-क्या की गईं हैं तैयारियां?

भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं. एयरपोर्ट से प्रेरणा स्थल तक विभिन्न स्थानों पर पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है. पार्टी कार्यकर्ताओं के बेहतर प्रबंधन के लिए सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग अलग बस संयोजक भी नियुक्त किए गए हैं. इसके अलावा भाजपा के सभी छह मोर्चों को स्वागत के दौरान अलग अलग स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है.

प्रदेश अध्यक्ष ने क्या दिए निर्देश?

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत मार्ग का निरीक्षण किया. उन्होंने रास्ते में बनाए गए सभी स्वागत स्थलों का जायजा लिया और वहां मौजूद प्रभारियों से बातचीत कर जरूरी दिशा निर्देश दिए.

समीक्षा बैठक में कौन-कौन था मौजूद?

प्रदेश मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन के अलावा सभी आठ प्रदेश महामंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष भी मौजूद रहे. बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अनुशासन, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठन को मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई. 

क्या है प्लानिंग?

अपने दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ प्रेरणा स्थल पर संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में अवध क्षेत्र के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे. माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को दिशा दी जाएगी और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए आवश्यक रणनीति साझा की जाएगी. भाजपा नेतृत्व का लक्ष्य कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर चुनावी तैयारियों को और गति देना है.