menu-icon
India Daily

जून IGRS रैंकिंग में अयोध्या का जलवा, लगातार दूसरे महीने टॉप-10 में कायम

अयोध्या ने जून 2026 की IGRS रैंकिंग में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है. लगातार दूसरे महीने जिला टॉप-10 में बना हुआ है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
जून IGRS रैंकिंग में अयोध्या का जलवा, लगातार दूसरे महीने टॉप-10 में कायम
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश की IGRS रैंकिंग में अयोध्या ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है. जून 2026 की मासिक रैंकिंग में जिले ने प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया. लगातार दूसरे महीने टॉप-10 में जगह बनाकर अयोध्या ने शिकायत निस्तारण व्यवस्था में अपनी मजबूत पहचान कायम रखी है.

लगातार दूसरी बार टॉप-10 में शामिल हुआ अयोध्या

राष्ट्रीय स्तर पर शिकायतों के समय पर समाधान को मजबूत बनाने वाली एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) की जून 2026 रैंकिंग में अयोध्या ने प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है. इससे पहले जारी रैंकिंग में जिले को चौथा स्थान मिला था. लगातार दूसरे महीने शीर्ष 10 जिलों में जगह बनाना जिला प्रशासन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. खास बात यह भी है कि वर्ष 2020 के बाद पहली बार अयोध्या ने लगातार दो महीने तक प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ जिलों की सूची में अपनी जगह बनाए रखी है.

बेहतर निगरानी और समय पर समाधान का मिला लाभ

प्रशासन के अनुसार इस उपलब्धि के पीछे शिकायतों का तय समय के भीतर समाधान, नियमित समीक्षा और विभागों के बीच बेहतर तालमेल सबसे बड़ा कारण रहा. हर शिकायत पर लगातार निगरानी रखी गई और अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई. इसी वजह से लोगों की समस्याओं का जल्दी और संतोषजनक समाधान संभव हो सका. जिला प्रशासन का कहना है कि पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने से व्यवस्था में लगातार सुधार देखने को मिला है.

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए नए लक्ष्य

इस सफलता पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार हर शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई की गुणवत्ता में किसी तरह की कमी न आने दें और शिकायतों के निस्तारण में लगातार सुधार करते रहें. उनका लक्ष्य आने वाले महीनों में अयोध्या को प्रदेश के सबसे बेहतर जिलों में शामिल रखना है.