भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही में पांच बच्चों की मां के प्रेमी संग घर छोड़ने के बाद पति ने कथित तौर पर जहर खाकर जान दे दी. मृतक लल्लू गौतम पत्नी को वापस बुलाने की कोशिश कर रहा था. परिजनों के अनुसार उसने पत्नी से लौटने की गुहार लगाई और कहा कि वह जहर खा लेगा. पत्नी के कथित जवाब से आहत होकर उसने शराब में जहर मिला लिया. आखिरकार अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मामला सुरियावां थाना क्षेत्र के कसौड़ा गांव का है. यहां रहने वाला 45 वर्षीय लल्लू गौतम मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था. करीब दो महीने पहले उसकी पत्नी सोनी घर छोड़कर चली गई थी.
लल्लू और सोनी की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी. दोनों के पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे शामिल हैं. बच्चों की उम्र सात से 16 वर्ष के बीच बताई गई है. पत्नी के घर छोड़ने के बाद बच्चों की जिम्मेदारी भी लल्लू पर आ गई थी. परिजनों के अनुसार वह पत्नी को वापस लाकर परिवार को दोबारा साथ रखने की कोशिश कर रहा था.
मृतक की 16 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटे ने परिजनों को घटना के बारे में बताया. उनके अनुसार लल्लू पत्नी से फोन पर बात करके घर लौटने की गुहार लगाता था. बताया गया कि एक दिन उसने पत्नी से कहा कि अगर वह वापस नहीं लौटी तो वह जहर खा लेगा. इसके बाद पत्नी की ओर से कथित तौर पर ऐसा जवाब मिला, जिससे लल्लू बेहद आहत हो गया.
परिजनों के अनुसार इस बातचीत के बाद लल्लू ने शराब में जहरीला पदार्थ मिला लिया. उसने बच्चों के सामने ही उसे पी लिया. कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी. तब परिवार के लोग उसे तुरंत सुरियावां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे भदोही जिला अस्पताल भेज दिया.
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने लल्लू का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका. इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया.पांचों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है. बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है. भदोही खबर के इस मामले ने पूरे गांव को झकझोर दिया है.
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
पुलिस की जांच में मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है;
Disclaimer: अगर कभी भी आपके मन में आत्महत्या करने का विचार आए तो कृप्या करके किसी की मदद लें. आप चाहें तो यहां बताए गए नेशनल हेल्पलाइन नंबर (14416) पर फोन करके अपनी या अपनों की जिंदगी बचा सकते हैं. इस तरह के कृत्यों को हमारे देश में अपराध माना जाता है. इंडिया डेली कभी भी ऐसे कदम को सपोर्ट नहीं करता है.