उत्तर प्रदेश में फिर एक्टिव हुआ मानसून, प्रयागराज-वाराणसी समेत 26 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है. मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रयागराज, वाराणसी समेत 26 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं. उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण प्रदेश के दक्षिण पूर्वी हिस्सों में मौसम की गतिविधियां बढ़ी हैं. इसका सबसे ज्यादा असर पूर्वांचल के जिलों में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 24 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन पूर्वांचल में कई जगहों पर गरज और चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून सक्रिय रह सकता है.

छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रयागराज, वाराणसी, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली और संत रविदास नगर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.


इसके अलावा बांदा, चित्रकूट और कौशांबी में भी कई जगहों पर बारिश का अनुमान है. झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर और संत कबीर नगर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

लखनऊ समेत कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक आज राजधानी लखनऊ समेत बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, कानपुर, जालौन, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

इसके साथ-साथ आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, एटा, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, कासगंज, बदायूं, संभल, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा में एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है.