राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर लखनऊ ने लिया स्वच्छता का बड़ा संकल्प, 110 वार्डों में एक साथ चला सफाई अभियान
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर लखनऊ नगर निगम ने सभी 110 वार्डों में मेगा सफाई अभियान चलाया. महापौर सुषमा खर्कवाल ने हजरतगंज में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अभियान की शुरुआत की.
लखनऊ: रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ नगर निगम ने पूरे शहर में वृहद मेगा सफाई अभियान चलाया. इस अभियान के तहत नगर निगम के सभी 110 वार्डों में एक साथ विशेष सफाई अभियान आयोजित किया गया. अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था.
महापौर सुषमा खर्कवाल ने हजरतगंज स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अभियान का शुभारंभ किया. इस दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे. अभियान में सफाई कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य किया और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया.
Also Read
महापौर सुषमा खर्कवाल ने क्या की अपील?
महापौर सुषमा खर्कवाल ने अभियान के शुभारंभ के बाद स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लिया और नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है. यदि सभी लोग मिलकर अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संकल्प लें तो लखनऊ को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल किया जा सकता है. उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने की भी अपील की.
महापौर ने अपने संबोधन में और क्या कहा?
महापौर ने अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के योगदान का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह लखनऊ के विकास के प्रति हमेशा समर्पित रहे हैं और उनका जनसेवा का भाव सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उनके जन्मदिन के अवसर पर आयोजित यह मेगा सफाई अभियान सेवा, सम्मान और स्वच्छता के संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास भी है.
क्या-क्या की गईं थी तैयारियां?
अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष तैयारियां की थीं. सभी 110 वार्डों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई थी. इन अधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में सफाई कार्यों की निगरानी, अभियान के संचालन और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई. सफाई कर्मचारियों ने सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया. साथ ही कूड़ा उठाने और साफ सफाई की व्यवस्था को भी मजबूत किया गया.
नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, पार्षदगण और नगर निगम के अन्य अधिकारियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई. सभी ने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, प्लास्टिक कचरे को इधर उधर न फेंकें और स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें. नगर निगम का मानना है कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है.