पेंशन और मोबाइल को लेकर विवाद, मेरठ में मां ने बेटे-पोते को लगाई आग, फिर खुद उठाया खौफनाक कदम

मेरठ के दादूपुर गांव में पेंशन के पैसे और पोते के लिए मोबाइल खरीदने को लेकर हुए कथित पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. 65 वर्षीय महिला पर बेटे और पोते को ज्वलनशील पदार्थ से आग लगाने का आरोप है.

Pinterest
Km Jaya

मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में पारिवारिक विवाद का बेहद दुखद मामला सामने आया है. यहां 65 वर्षीय महिला सुमित्रा देवी ने कथित तौर पर अपने बेटे और 14 वर्षीय पोते पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के बाद महिला का शव गांव में एक पेड़ से लटका मिला.

पुलिस के मुताबिक परिवार में पेंशन के पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता था. शनिवार रात भी पेंशन की रकम और 14 वर्षीय पोते उदय के लिए नया मोबाइल फोन खरीदने को लेकर परिवार में बहस हुई. आरोप है कि इसी दौरान सुमित्रा देवी ने गुस्से में अपने 45 वर्षीय बेटे परमवीर और पोते उदय पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया और आग लगा दी.

कैसी थी वहां की स्थिति?

आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग बुझाई. इसके बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.


घटना के बाद पेड़ से लटका मिला महिला का शव

बताया जा रहा है कि बेटे और पोते को आग लगाने के बाद सुमित्रा देवी वहां से चली गईं. बाद में गांव में एक पेड़ से उनका शव लटका हुआ मिला. सूचना मिलने पर फलावदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी यानी FSL की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे पेंशन और मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है. हालांकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.