मेरठ: एक लव मैरिज की कहानी फिर खौफनाक मोड़ ले चुकी है. मेरठ के हस्तिनापुर में पत्नी ने अपने पति की हत्या करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया. पहले दूध में नींद की गोलियां मिलाईं और फिर जहरीले सांप से डंसवाकर मौत को हादसा बताने की कोशिश की. लेकिन पुलिस की सूझबूझ ने पूरा राज उजागर कर दिया.
35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर के रामलीला मैदान में कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाते थे. वर्ष 2019 में दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था. शुरुआती छह साल अच्छे गुजरे। दोनों ने मिलकर स्कूल संभाला और नई जिंदगी बसाई.
लेकिन धीरे-धीरे रिश्ते में दरार आ गई. स्कूल में ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के आने से दामिनी उसके करीब आ गई. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. पुलिस जांच के अनुसार इसी प्रेम प्रसंग ने हत्या की साजिश को जन्म दिया.
पुलिस के मुताबिक दामिनी और तुषार ने मिलकर अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि रात में दामिनी ने पति के दूध में नींद की गोलियां मिला दीं. इसके बाद कमरे में जहरीला सांप छोड़ दिया गया. सुबह दामिनी अतुल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और बताया कि सांप ने काट लिया है. डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बिस्तर पर सांप मिला. शुरुआत में इसे सांप के काटने से हुई मौत माना गया, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं. सांप का व्यवहार, मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य सबूतों ने पुलिस को सच्चाई तक पहुंचा दिया. जांच में 20 लाख रुपये के बीमा का भी राज खुला.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की. मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड ने दामिनी और तुषार के रिश्ते को उजागर किया. कुछ घंटों की पूछताछ के बाद पुलिस ने दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह प्रेम प्रसंग, बीमा राशि और ठंडे दिमाग से रची गई हत्या का मामला है. सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.