'मेरी बीमारी की झूठी खबर...', मायावती ने आकाश आनंद पर फिर लगाए गंभीर आरोप
बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आकाश आनंद पर उनकी बीमारी को लेकर झूठी खबरें फैलाने और भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया.
बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं. लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मायावती ने कहा कि उनकी बीमारी को लेकर झूठी खबरें फैलाकर समाज में भ्रम पैदा करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि आकाश आनंद ने उनके पर्सनल सचिव आलोक कुमार को फोन कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली थी.
मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद ने आलोक कुमार से पूछा था कि क्या बहनजी बीमार हैं. इस पर उनके पर्सनल सचिव ने जवाब दिया कि मायावती बिल्कुल ठीक हैं और अपना काम कर रही हैं. मायावती ने दावा किया कि बातचीत के बाद आकाश आनंद ने आलोक कुमार से कहा कि बहनजी को यह न बताया जाए कि उन्होंने फोन किया था.
मायावती ने क्या कहा?
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद की इस कॉल के पीछे की मंशा सही भी हो सकती है और खराब भी हो सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश आनंद आज भी अपने ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ के इशारे पर काम कर रहा है. मायावती ने बीमारी से जुड़ी खबरों को लेकर भी आकाश आनंद पर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया.
Also Read
- कानपुर में 5,600 करोड़ की सबसे बड़ी साइबर ठगी का भंडाफोड़, हैदराबाद से दो महाठग गिरफ्तार
- स्कूल आते-जाते समय करता था पीछा! परेशान छात्रा ने लगाई फांसी... मौत के बाद दो भाइयों पर दर्ज हुआ केस
- BRICS Summit में गूंजा बिजनौर की महिलाओं का हुनर, विदेशियों को खूब पसंद आ रही चाय; PM मोदी भी कर चुके हैं तारीफ
आकाश आनंद को पार्टी से किया पूरी तरह बाहर
आकाश आनंद और मायावती के बीच राजनीतिक मतभेदों के बीच बसपा ने उन्हें पार्टी से पूरी तरह बाहर कर दिया है. इससे पहले 3 सितंबर को मायावती ने आकाश आनंद को राष्ट्रीय समन्वयक के पद से हटा दिया था. हालांकि, उस समय उन्हें पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर बने रहने की अनुमति दी गई थी.
मायावती ने क्या दिया संकेत?
इसके बाद 9 सितंबर को मायावती ने संकेत दिया था कि आकाश आनंद की जिम्मेदारियां दोबारा बहाल की जा सकती हैं. इसके लिए उन्होंने शर्त रखी थी कि आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ राजनीति से पूरी तरह संन्यास ले लें. मायावती के बयान के अगले दिन 10 सितंबर की सुबह अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से पूरी तरह संन्यास लेने का ऐलान किया.
इसके कुछ घंटे बाद ही मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से पूरी तरह मुक्त करने की घोषणा कर दी. इस घटनाक्रम के बाद मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश आनंद पर फिर निशाना साधा. बीमारी की खबरों को लेकर लगाए गए आरोपों ने दोनों के बीच चल रहे विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.