Weather IMD

पहले 6 साल का बेटा, फिर पत्नी और अब पति... 11 दिन में तीन मौतों ने मचा कोहराम, तीन बच्चे हुए अनाथ

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से सामने आई एक घटना ने हर किसी को भावुक कर दिया है. एक व्यक्ति अपनी पत्नी और बेटे के निधन के गहरे सदमे से उबर नहीं पाया और आखिरकार उन्हीं की कब्रों के पास उसकी भी मौत हो गई.

Pinterest
Meenu Singh

कभी-कभी जिंदगी ऐसे दर्दनाक मोड़ पर ला खड़ा करती है, जिसकी कल्पना भी मुश्किल होती है. उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से सामने आई एक घटना ने हर किसी को भावुक कर दिया है. एक व्यक्ति अपनी पत्नी और बेटे के निधन के गहरे सदमे से उबर नहीं पाया और आखिरकार उन्हीं की कब्रों के पास उसकी भी मौत हो गई. महज 11 दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है.

मृतक की पहचान 40 वर्षीय सुभान अहमद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के हरपालपुर के रहने वाले थे. शुक्रवार सुबह उनका शव महोबा के चरखारी क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में मिला. परिजनों के अनुसार, वह अपनी पत्नी और बेटे की कब्रों के पास लेटे हुए थे. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

11 दिन पहले टूटा था परिवार पर दुखों का पहाड़

बताया जा रहा है कि 25 मई को सुभान के छह साल के बेटे हसनैन की मौत हो गई थी. परिजनों का दावा है कि भीषण गर्मी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी थी. बेटे की मौत की खबर सुनकर उसकी मां राजिया खातून गहरे सदमे में चली गईं और कुछ ही समय बाद उनकी भी मृत्यु हो गई. इस दोहरे आघात ने सुभान को पूरी तरह तोड़ दिया था.


अक्सर कब्रिस्तान जाया करते थे सुभान

रिश्तेदारों के मुताबिक, पत्नी और बेटे को खोने के बाद सुभान मानसिक रूप से बहुत परेशान रहने लगे थे. वह अक्सर कब्रिस्तान जाकर घंटों उनकी कब्रों के पास बैठते थे. परिवार का कहना है कि वह इस दुख से बाहर नहीं निकल पा रहे थे.

कब्रों के पास मिली लाश

शुक्रवार तड़के सुभान घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे. जब परिजन उनकी तलाश में कब्रिस्तान पहुंचे तो उन्हें पत्नी और बेटे की कब्रों के बीच अचेत अवस्था में पाया. एक हाथ बेटे की कब्र पर और दूसरा पत्नी की कब्र पर था. यह सीन देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए. इसने सबको हैरान कर दिया. 

मौत के कारण पर सस्पेंस

हालांकि  परिजनों ने सुभान के पैर पर एक निशान देखने की बात कही है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया हो. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि लगातार मानसिक तनाव और गहरा सदमा भी उनकी मौत की वजह हो सकता है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

11 दिनों के भीतर हुई तीन मौतों ने परिवार को असहनीय शोक में डुबो दिया है. सुभान अपने पीछे तीन बच्चे 17 वर्षीय सैफ, 14 वर्षीय रोशनी और 11 वर्षीय आलिया छोड़ गए हैं.