MahaKumbh 2025: CM योगी की अपील- किसी भी अफवाह पर न दें ध्यान, जहां हैं वहीं पास के घाट पर स्नान करें

महाकुंभ में भगदड़ मचने के बाद सीएम योगी ने ट्वीट करके लोगों से संगम नोज की तरफ न जाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जो जहां है, वहीं पास के गंगा घाट पर स्नान करे.

x
Kamal Kumar Mishra

MahaKumbh 2025: महाकुंभ 2025 में संगम नोज पर रात में भगदड़ मचने के बाद प्रशासन ने स्थिति को दोबारा से संभाल लिया है. इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है. प्रशासन की तरफ से अभी मृतकों और घायलों का आंकड़ा नहीं दिया गया है. हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं से मेला की व्यवस्था में सहयोग की अपील की है. 

 मुख्यमंत्री की तरफ से इसको लेकर एक्स पर ट्वीट किया गया है, जिसमें कहा गया है कि 'श्रद्धालुओं से अपील - मां गंगा के जिस घाट के जो समीप है, वहीं स्नान करें, संगम नोज की ओर जाने का प्रयास न करें. प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करें, व्यवस्था बनाने में सहयोग करें. किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.'

संगम नोज की तरफ न जाने की अपील

सीएम योगी ने श्रद्धालुओं से अपील की है, जो श्रद्धालु जहां पर है, वहीं मां गंगा में स्नान कर ले, संगम नोज की तरफ नहीं जाएं. दरअसल, संगम नोज पर भारी संख्या में श्रद्धालु जाना चाहते हैं. ऐसे में त्रिवेणी संगम पर स्थिति हमेशा बिगड़ने की संभावना बनी रहती है. प्रशासन लगातार स्थिति को नॉर्मल बनाए रखने में जुटा हुआ है. मौनी अमावस्या की वजह से भीड़ बेकाबू हो गई है. 

कुंभ में व्यवस्था से ज्यादा भीड़

महाकुंभ में वीआईपी कल्चर का लोग भारी विरोध कर रहे हैं. मंगलवार को भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने वीआईपी रास्ते पर लगे बैरियर को तोड़ दिया था. मंगलवार को वीआईपी कल्चर से नाराज और भीड़ अधिक भड़ने, ट्रेन में नहीं चढ़ पाने के बाद कुछ लोगों ने ट्रेन पर पथराव किया था. कुलमिलाकर महाकुंभ में श्रद्धालुओं की संख्या अब व्यवस्था से अधिक हो गई है. ऐसे में प्रशासन अब स्थिति को संभाल नहीं पा रहा है.