लखनऊ में VIP कार्यक्रम के चलते कई रास्ते बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी
वीआईपी कार्यक्रम के कारण शनिवार को लखनऊ में सुबह 8 बजे से कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. चलिए जानते हैं कौन-कौन से रूट प्रभावित रहेंगे.
लखनऊ: लखनऊ में शनिवार को वीआईपी कार्यक्रम के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है, जिससे लोगों को सफर के दौरान वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा. यह व्यवस्था सुबह 8 बजे से प्रभावी रहेगी. पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की अपील की है.
डीसीपी ट्रैफिक के अनुसार, डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवश्यकता के अनुसार छूट दी जाएगी. यदि किसी यात्री को रास्ते में किसी तरह की परेशानी होती है तो वह यातायात विभाग की हेल्पलाइन से भी संपर्क कर सकता है.
क्या है ट्रैफिक प्लान?
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार दरोगाखेड़ा, स्कूटर इंडिया और नादरगंज की ओर से आने वाला सामान्य यातायात अमौसी एयरपोर्ट की तरफ नहीं जा सकेगा. इन वाहनों को किसान पथ के रास्ते रायबरेली रोड होकर भेजा जाएगा. वहीं अमौसी की तरफ से आने वाला यातायात नीलम फार्मेसी तिराहा, कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन, पिकेडली और अवध चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा. ऐसे वाहनों को शहीद पथ से होकर गुजरना होगा.
Also Read
अमौसी एयरपोर्ट पर कैसी है व्यवस्था?
अमौसी एयरपोर्ट वीआईपी मोड़ से एयरपोर्ट के अंदर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इन वाहनों को अमौसी कमर्शियल मोड़ की ओर मोड़ दिया जाएगा. रायल होटल चौराहे से अटल चौक जाने वाला यातायात भी बंद रहेगा और वाहनों को सिसेंडी तिराहा तथा डीएसओ चौराहे के रास्ते भेजा जाएगा.
एवरेडी तिराहा और भूसामंडी से मवैया की ओर जाने वाले वाहन सीधे नहीं जा सकेंगे. उन्हें बालाजी मंदिर वाले मार्ग से भेजा जाएगा. नाका चौराहे से पानदरीबा जाने वाले वाहनों को डीएवी डिग्री कॉलेज और राजेंद्र नगर के रास्ते भेजा जाएगा. लाटूश रोड, बांस मंडी, गुप्ता तिराहा और चारबाग की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं.
ट्रैफिक पुलिस ने क्या बताया?
इसके अलावा अशोक लाट चौराहे से बर्लिंगटन चौराहा और रायल होटल चौराहे की ओर जाने वाला यातायात लाटूश रोड से होकर चलेगा. अवध चौराहे से आलमबाग की ओर जाने वाले वाहनों को पिकेडली और बंगला बाजार के रास्ते भेजा जाएगा. फतेह अली, कुंवर जगदीश, करियप्पा, लंगड़ा फाटक और मानक नगर रेलवे स्टेशन मार्ग पर भी डायवर्जन लागू रहेगा. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें.